अटल बिहारी वाजपेयी की शताब्दी जयंती: वकीलों के हित में उनके ऐतिहासिक योगदान की सराहना
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (26 दिसंबर 2024): भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब के स्पीकर हॉल में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी.के. सिंह, पूर्व सांसद डॉ. राम विलास वेदांती, श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य, आचार्य डॉ. लोकेश मुनि, राजेंद्र रेजमी निरहारी बाबा सहित कई सांसदों और सेवानिवृत्त न्यायाधीशों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस समारोह का आयोजन नेशनल सिटिजन्स कमेटी के चेयरमैन और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आदिश सी. अग्रवाला द्वारा किया गया। वह इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ जुरिस्ट्स के अध्यक्ष भी हैं।
आदिश अग्रवाला ने टेन न्यूज़ से खास बातचीत में बताया कि,”कार्यक्रम का आयोजन हमने इसलिए किया क्योंकि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान वकीलों के हितों के बारे में सबसे अधिक सोचा। वे पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने वकीलों की भलाई और उनकी सुरक्षा के लिए फाइनेंशियल मदद का प्रावधान किया। 2002 में उन्होंने एक योजना लागू की, जिसमें हर केस पर ₹5 का टिकट लगाने की व्यवस्था की गई। यह पैसा बार काउंसिल के पास जाता है, ताकि वकीलों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने बार काउंसिल को दो करोड़ रुपये की राशि भी दी थी। आज देशभर में यह टिकट हर कोर्ट में लगाया जाता है और इसी व्यवस्था से वकीलों की फाइनेंशियल हेल्प सुनिश्चित की जाती है।”
राजनीति के बारे में उन्होंने बताया कि, “मैं एक गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से आता हूं, इसलिए मेरे लिए किसी राजनीतिक विषय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। यह बात सत्य है कि अटल बिहारी वाजपेयी एक सशक्त प्रधानमंत्री थे। उनके बाद आज के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है और भारत को विश्वस्तर पर एक नई पहचान दिलाई है। आज पूरी दुनिया के नेता उनका स्वागत करते हैं और उन्हें सम्मानित करते हैं।”
एक देश एक चुनाव के बारे में बताते हुए आदिश अग्रवाला ने बताया कि, “वन नेशन, वन इलेक्शन” एक बहुत ही प्रभावशाली कदम है। इससे न केवल खर्चों में बचत होगी, बल्कि सरकार द्वारा चलाए जाने वाले विकास कार्यों में भी कोई रुकावट नहीं आएगी। लगातार होने वाले चुनावों के कारण विकास गतिविधियों में बाधाएं आती हैं। यदि एक साथ चुनाव कराए जाएं, तो इससे देश को कई लाभ होंगे। मैनपावर की भी बचत होगी और सरकार को अपने कार्यों को सुचारू रूप से चलाने में कम रुकावटें आएंगी।
यह आयोजन भारत के महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी जी के अद्वितीय योगदान को स्मरण करने और उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए किया गया था। विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। सभा ने वाजपेयी जी के आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।