आत्मनिर्भर भारत: सशक्त और विकसित भारत की नींव: पीएम मोदी

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (15 August 2025): 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत को विकसित भारत की नींव बताते हुए रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, अंतरिक्ष और विनिर्माण क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि रणनीतिक स्वायत्तता और स्वदेशी क्षमताएं ही 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।

पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताते हुए कहा कि मेड-इन-इंडिया हथियारों के दम पर देश किसी भी खतरे का निर्णायक और स्वतंत्र रूप से सामना कर सकता है। उन्होंने युवाओं से देश में ही जेट इंजन बनाने का आह्वान किया। प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उन्होंने घोषणा की कि 2025 के अंत तक देश का पहला मेड-इन-इंडिया सेमीकंडक्टर चिप लॉन्च किया जाएगा और एआई, साइबर सुरक्षा, डीप-टेक व ऑपरेटिंग सिस्टम में वैश्विक नेतृत्व हासिल किया जाएगा।

अंतरिक्ष क्षेत्र में, प्रधानमंत्री ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भारत के अपने अंतरिक्ष स्टेशन की महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 300 से अधिक स्टार्टअप्स सैटेलाइट, अंतरिक्ष अन्वेषण और अत्याधुनिक तकनीकों पर काम कर रहे हैं, जिससे भारत वैश्विक अंतरिक्ष विज्ञान में अग्रणी बन रहा है।

ऊर्जा आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 2030 तक 50% स्वच्छ ऊर्जा हासिल करने का लक्ष्य तय किया था, लेकिन जनता की प्रतिबद्धता से यह उपलब्धि 2025 में ही प्राप्त कर ली गई। सौर, परमाणु, जल और हाइड्रोजन ऊर्जा में बड़ी प्रगति हुई है। निजी क्षेत्र की भागीदारी से परमाणु ऊर्जा क्षमता में 100वें स्वतंत्रता दिवस तक दस गुना वृद्धि का लक्ष्य है। इसके लिए 10 नए परमाणु रिएक्टर चालू हो चुके हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनरल मिशन और राष्ट्रीय डीपवाटर एक्सप्लोरेशन मिशन की शुरुआत की घोषणा की, जिससे ऊर्जा, उद्योग और रक्षा के लिए जरूरी संसाधनों की घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित होगी और विदेशी ईंधन आयात पर निर्भरता घटेगी।

कृषि आत्मनिर्भरता पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बढ़ाना जरूरी है ताकि किसानों की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल ढांचा विकसित करने का आह्वान किया, जिससे डिजिटल संप्रभुता मजबूत हो।

दवा और स्वास्थ्य नवाचार में भारत की क्षमता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि देश को नए मेडिसिन, वैक्सीन और लाइफ-सेविंग ट्रीटमेंट पूरी तरह स्वदेश में विकसित करने होंगे। कोविड-19 के दौरान भारत ने स्वदेशी वैक्सीन और CoWIN प्लेटफॉर्म से दुनिया में लाखों लोगों की जान बचाई, उसी भावना को आगे बढ़ाना होगा।

उन्होंने वोकल फॉर लोकल और स्वदेशी को सम्मान का प्रतीक बताते हुए नागरिकों व व्यापारियों से आग्रह किया कि दुकानों पर “स्वदेशी” बोर्ड लगाकर भारत निर्मित वस्तुओं को बढ़ावा दें।

अंत में, प्रधानमंत्री ने मिशन सुदर्शन चक्र का ऐलान किया, जो दुश्मन के रक्षा तंत्र को निष्क्रिय करने और भारत की आक्रामक क्षमताओं को बढ़ाने पर केंद्रित है। उन्होंने श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र से प्रेरणा लेते हुए कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक नवाचार के मेल से आत्मनिर्भरता की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।