दिल्ली में अकलियत समाज के लोगों ने निकाला तिरंगा यात्रा, “भारत माता की जय” के लगे नारे
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (14/08/2025): स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब ऐतिहासिक जामा मस्जिद की सीढ़ियां तिरंगे के रंग में रंग गईं। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा ने यहां से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसमें मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग, महिलाएं, बच्चियां और बुजुर्ग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और होंठों पर आजादी के नगमे लिए लोग जामा मस्जिद से लाल किले की ओर रवाना हुए।
देशभक्ति के नारों से गूंजे रास्ते
यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हिन्दुस्तान ज़िन्दाबाद’ के नारों से जामा मस्जिद से लाल किले तक का इलाका गूंज उठा। हर तरफ तिरंगे की शान और लोगों की देशभक्ति का जुनून देखने लायक था। मुस्लिम बच्चियों ने तिरंगा हाथ में और तिरंगे का पटका गले में डालकर यात्रा में भाग लिया, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया।
वीरेंद्र सचदेवा ने दिया एकता का संदेश
दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) ने यात्रा का नेतृत्व करते हुए कहा कि किसी भी धर्म से ऊपर भारत राष्ट्र है और हमेशा रहेगा। उन्होंने मुस्लिम समाज के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह तिरंगा यात्रा धार्मिक सीमाओं से परे जाकर एकता और देशप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में पिछले चार दिनों से तिरंगा यात्रा का आयोजन हो रहा है और बुधवार को यह समापन चरण में पहुंची।
256 मंडलों में निकली तिरंगा यात्रा
बीजेपी की ओर से दिल्ली के सभी 256 मंडलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बुधवार को अंतिम 52 मंडलों में कार्यक्रम हुआ। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसमें सक्रिय भागीदारी निभाई। सचदेवा ने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान, एकता और देश की आन-बान-शान है।
आतिफ राशिद ने बताया ऐतिहासिक दिन
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष आतिफ राशिद ने इसे जामा मस्जिद इलाके के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज की महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का तिरंगा लेकर देशप्रेम व्यक्त करना अपने आप में एक मिसाल है। उनके मुताबिक, देशप्रेम किसी एक धर्म की नहीं बल्कि हर हिंदुस्तानी के दिल की आवाज है।
शहीदों के बलिदान को किया याद
आतिफ राशिद ने कहा कि देश की आजादी में सभी धर्मों और समुदायों का योगदान रहा है और आज भी हम सभी मिलकर उन शहीदों को याद करते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास” का संदेश और मजबूत हुआ है, और यही भावना आज की इस तिरंगा यात्रा में देखने को मिली।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।