सलारपुर को जल्द मिलेगी राहत, शहदरा नाले पर बनेंगे दो नए पुल | Noida Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
NOIDA News (12/08/2025): सलारपुर गांव और आसपास की कालोनियों के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहदरा नाले पर स्थित दो जर्जर पुलों की जगह अब दो नए मजबूत पुलों का निर्माण किया जाएगा। नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) ने इस परियोजना को हरी झंडी देते हुए 10 करोड़ रुपये का बजट भी पास कर दिया है। यह काम उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की देखरेख में कराया जाएगा, जबकि इसकी लागत नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा।
सीईओ डॉ. लोकेश एम (CEO Dr. Lokesh M.) ने इस परियोजना को प्राथमिकता देते हुए इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है और कुल बजट में से 20 प्रतिशत राशि भी जारी कर दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। परियोजना का लक्ष्य एक वर्ष में निर्माण कार्य पूर्ण करना है।
प्रतिदिन चार लाख लोग डालते हैं जान जोखिम में
शहदरा नाले पर बने वर्तमान दो पुलों की स्थिति अत्यंत जर्जर है। प्रतिदिन लगभग चार लाख लोग, जिनमें बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय निवासी शामिल हैं, इन्हीं पुलों से आना-जाना करते हैं। यह क्षेत्र औद्योगिक सेक्टर-2 के पास होने के कारण सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार तो जर्जर पुलों के कारण वाहन तक नाले में गिर चुके हैं, जिससे जानमाल की हानि हो चुकी है।
नए पुल की विशेषताएं
नए पुलों की लंबाई लगभग 50-50 मीटर होगी, जबकि कैरिज वे की चौड़ाई 7.5 मीटर रखी जाएगी। दोनों ओर 2-2 मीटर चौड़े फुटपाथ (Footpath) भी बनाए जाएंगे, जिससे पैदल चलने वालों को भी सुरक्षित मार्ग मिल सके। पुलों का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक से किया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों तक किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
प्राधिकरण व किसानों की साझा पहल
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सीईओ डॉ. लोकेश एम के सामने रखी थीं। इसके बाद प्राधिकरण ने अधिकारियों की एक टीम सलारपुर गांव भेजी जिसमें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय कुमार खत्री (ACEO Sanjay Khatri), उपमहाप्रबंधक सिविल विजय रावल, जल-संवरण व विद्युत यांत्रिकी विभाग के महाप्रबंधक आरपी सिंह, और जन स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह शामिल थे। इन अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समस्या की गंभीरता को समझा और समाधान की दिशा में कदम उठाए।
निर्माण का जिम्मा सिंचाई विभाग को
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अवर अभियंता डीके शर्मा ने बताया कि पुल निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव प्राधिकरण को भेज दिया गया है। जैसे ही अनुबंध प्रक्रिया पूरी होती है, निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ कर दिया जाएगा।
शहदरा नाले पर दो नए पुलों का निर्माण सलारपुर व आसपास के लोगों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगा। यह केवल एक निर्माण परियोजना नहीं बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा मामला है। प्राधिकरण द्वारा उठाया गया यह कदम स्थानीय जनता की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।