सियासत में किस्मत आजमाएंगे अवध ओझा, कहां से लड़ेंगे चुनाव? | AAP में हुए शामिल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (02 दिसंबर 2024): अपनी अनूठी शिक्षण शैली और मोटिवेशनल स्पीच के लिए मशहूर UPSC शिक्षक अवध ओझा ने राजनीति की दुनिया में कदम रखते हुए आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया है। शनिवार को उन्होंने ‘आप’ संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में पार्टी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सूत्रों के मुताबिक, अवध ओझा दिल्ली की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। उनकी संभावित सीट तय हो चुकी है, लेकिन इसका आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है। इससे पहले एक इंटरव्यू में ओझा ने अरविंद केजरीवाल की तारीफ करते हुए उन्हें राष्ट्रीय राजनीति का एक सशक्त चेहरा बताया था।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से ताल्लुक रखने वाले अवध ओझा सोशल मीडिया पर ‘ओझा सर’ के नाम से बेहद लोकप्रिय हैं। खासतौर पर उनके पढ़ाने के अनोखे अंदाज और विद्यार्थियों को प्रेरित करने वाली स्पीच के कारण वे लाखों युवाओं के बीच प्रेरणा का स्रोत हैं। हालांकि, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म पर उनका कोई आधिकारिक अकाउंट नहीं है, लेकिन उनकी वीडियो और क्लिप्स अक्सर वायरल होती रहती हैं। अवध ओझा की राजनीति में पहले से रुचि रही है। इससे पहले वह लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। प्रयागराज और कैसरगंज सीटों से उनकी उम्मीदवारी की चर्चा थी। हालांकि, उन्हें टिकट नहीं मिल पाया। अखिलेश यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे नेताओं पर टिप्पणी करते हुए ओझा ने इन्हें भविष्य के लिए सक्षम नेता बताया है। उन्होंने अखिलेश यादव को “विजनरी नेता” और राहुल गांधी को प्रियंका गांधी से “बेहतर राजनेता” करार दिया था।
शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र से राजनीति की ओर
अवध ओझा ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराने वाले शिक्षकों में एक अलग पहचान बनाई है। उनका कहना है कि शिक्षा के माध्यम से समाज सुधार करना उनकी प्राथमिकता है और राजनीति में आने का उद्देश्य भी यही है।
‘आप’ में शामिल होने के बाद अवध ओझा के आगामी कदम पर सभी की नजरें हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि उनकी शैक्षिक और प्रेरणादायक छवि राजनीति में उनकी सफलता का आधार बनती है या नहीं।।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।