विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर वीरेन्द्र सचदेवा ने किया पीड़ित बुजुर्गों का सम्मान
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (10 August 2025): 14 अगस्त को पूरे देश में मनाए जाने वाले “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” से पूर्व आज कांस्टीट्यूशन क्लब में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रगतिशील सिंधी समाज समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने सिंधी समाज के गणमान्यों को संबोधित करते हुए विभाजन के दौरान हुए भीषण मानवीय कष्ट और बलिदानों को स्मरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभाजन की पीड़ा झेल चुके बुजुर्गों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में भाजपा विधायक राजकुमार भाटिया एवं शिखा राय, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य दयानन्द जी, प्रो. सुनील बाबुराव कुलकर्णी, विजय इसरानी, जितिन राजपूत सहित सिंधी समाज के कई गणमान्य और विभाजन के प्रत्यक्षदर्शी बुजुर्ग उपस्थित रहे। सभी ने मौन रखकर पीड़ितों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और समाज में भाईचारा व एकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 1947 का विभाजन भारत के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक था, जिसमें लाखों निर्दोष लोग मारे गए और करोड़ों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन एक साजिश और गंदी राजनीति का परिणाम था, जिसमें उस समय के कांग्रेस और मुस्लिम लीग नेताओं ने अपने स्वार्थ के लिए देश को बांटने का काम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन लाखों परिवारों की वेदना को याद रखने के लिए यह दिवस घोषित किया, जिसे तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने भुला दिया था।
सचदेवा ने कहा कि आज भी देश में जेहादी मानसिकता वाले लोग मौजूद हैं, इसलिए हमें एकजुट रहकर अखंड भारत के सपने को साकार करने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में या तो हम, या हमारी आने वाली पीढ़ियां अखंड भारत को देखेंगे।
विधायक राजकुमार भाटिया ने कहा कि आज़ादी के समय देश के नक्शे पर लकीरें खींची जा रही थीं, और उस समय के नेता राजनीतिक स्वार्थ के चलते मौन थे। लाखों परिवार बिछड़ गए, और अली जिन्ना व जवाहरलाल नेहरू की गंदी राजनीति के कारण कई परिवार तबाह हो गए। उन्होंने कहा कि अपने ही देश में शरणार्थी बनने की पीड़ा आज भी रोंगटे खड़े कर देती है।
विधायक शिखा राय ने कहा कि यह दिवस सिर्फ मनाने के लिए नहीं बल्कि उन विभीषिकाओं को याद करने के लिए है, जिसमें एक ही परिवार के सदस्य सरहद के दोनों ओर बंट गए। उन्होंने विशेष रूप से सिंधी समाज के संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज ने विभाजन की पीड़ा सहने के बावजूद शिक्षा और मेहनत के बल पर देश में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त किया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।