दिल्ली में डीटीसी कर्मचारियों का वेतन संकट, सरकार को अल्टीमेटम!

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10/08/2025): नई दिल्ली में दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) के लगभग 24,000 कर्मचारियों को जुलाई महीने का वेतन 10 अगस्त तक भी नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। आमतौर पर हर महीने की पहली तारीख को वेतन मिल जाता था, लेकिन इस बार देरी के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी (Lalit Chaudhary) ने कहा कि वेतन न मिलने से कर्मचारियों के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है और रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

रक्षाबंधन पर भी नहीं मिली छुट्टी, बढ़ा गुस्सा

ललित चौधरी ने बताया कि रक्षाबंधन पर शनिवार को कर्मचारियों ने हड़ताल की योजना बनाई थी, लेकिन यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे टाल दिया गया। इसके बावजूद विभाग ने त्योहार पर छुट्टी न देने का नोटिस जारी किया और चेतावनी दी कि बिना अनुमति छुट्टी लेने पर विभागीय कार्रवाई होगी, यहां तक कि नौकरी भी जा सकती है। त्योहार पर छुट्टी न मिलना और वेतन का बकाया रहना, कर्मचारियों में असंतोष को और बढ़ा रहा है।

सोशल मीडिया पर उभर रहा विरोध

वेतन न मिलने से नाराज़ कर्मचारी सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर खुलकर अपना गुस्सा जता रहे हैं। कई कर्मचारी मीम्स और पोस्ट के जरिए अपनी पीड़ा व्यक्त कर रहे हैं। किराए पर रहने वाले कर्मचारी मकान मालिक को किराया नहीं दे पा रहे हैं, वहीं बच्चों की स्कूल फीस, घर का खर्च और जरूरी भुगतान में भी देरी हो रही है। कई कर्मचारी मजबूरी में कर्ज लेकर खर्च चला रहे हैं।

पेंशनभोगी भी संकट मे

डीटीसी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी दो माह से पेंशन नहीं मिली है। यूनियन ने कहा कि पेंशन बुजुर्गों के लिए सहारा होती है और इसे समय पर देना सरकार की जिम्मेदारी है। ललित चौधरी ने सवाल उठाया कि राजधानी में चार इंजन वाली सरकार होने के बावजूद बजट पास क्यों नहीं हो पा रहा, यह समझ से परे है।

हड़ताल का खतरा, बस सेवा पर असर संभव

यूनियन का आरोप है कि सरकार समय पर वेतन और पेंशन न देकर कर्मचारियों को मजबूर कर रही है कि वे विरोध पर उतरें। यदि आने वाले दिनों में वेतन भुगतान नहीं हुआ तो कर्मचारियों की हड़ताल से दिल्ली की बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं, जिसका सीधा असर लाखों यात्रियों पर पड़ेगा।

डीटीसी प्रबंधन का आश्वासन

डीटीसी के डिप्टी सीजीएम (पीआर) अमन देव छिकारा ने कहा कि प्रशासनिक कारणों से इस माह वेतन में विलंब हुआ है। उनका कहना है कि वेतन रोका नहीं गया है और अधिकारियों को भी वेतन नहीं मिला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार या मंगलवार तक सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के खातों में वेतन जमा कर दिया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।