दिल्ली में महिला सांसद के साथ चेन स्नैचिंग!, सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (04/08/2025): दिल्ली के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में से एक चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह चौंकाने वाली घटना सामने आई। तमिलनाडु की कांग्रेस सांसद आर. सुधा (R Sudha) मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं, तभी अज्ञात बाइक सवारों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। इस झपटमारी की वारदात में महिला सांसद की गर्दन पर हल्की चोट भी आई है। यह घटना सुबह लगभग 6 बजे की है, जब वे तमिलनाडु भवन से कुछ ही दूरी पर टहल रही थीं।

घटना के तुरंत बाद आर. सुधा ने लोकसभा स्पीकर, दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय को शिकायत भेजी है। उन्होंने कहा, “मैं चिल्लाई लेकिन बदमाश भाग गए। पुलिस ने शिकायत ले ली है, और मुझे भरोसा है कि जांच ठीक से होगी।” इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं क्योंकि चाणक्यपुरी में कई दूतावास, राजकीय आवास और तमिलनाडु भवन जैसे अहम ठिकाने मौजूद हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु भवन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को और मजबूत कर दिया गया है।

इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर हमला बोला है। आप नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने कहा, “दिल्ली में चेन और मोबाइल स्नैचिंग आम हो चुकी है। लोग FIR भी दर्ज नहीं करवाते क्योंकि उन्हें पुलिस से कोई उम्मीद नहीं। दिल्ली पुलिस में हजारों पद खाली हैं और सरकार भर्तियाँ नहीं कर रही। जो पुलिसकर्मी हैं, वे VIP सिक्योरिटी और राजनीतिक एजेंडे में व्यस्त रहते हैं।”

भारद्वाज ने यह भी जोड़ा कि दिल्ली की महिलाएं अब खुद को सुरक्षित रखने के लिए मॉर्निंग वॉक पर गहने पहनना छोड़ चुकी हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि आर. सुधा तमिलनाडु से हैं, शायद उन्हें दिल्ली की कानून व्यवस्था का अनुभव नहीं था, वरना वो इतनी लापरवाही न करतीं।

इस घटना ने न केवल दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राजधानी की कानून व्यवस्था पर केंद्र सरकार की जवाबदेही भी बढ़ा दी है। संसद सत्र चलने के दौरान एक सांसद के साथ ऐसा होना विपक्षी दलों को केंद्र के खिलाफ बोलने का नया मुद्दा भी दे सकता है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और असली अपराधियों तक कब पहुंचती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।