ट्रंप का भारत पर बड़ा हमला: 1 अगस्त से 25% टैरिफ, रूस से डील पर सख्त चेतावनी !

टेन न्यूज नेटवर्क

NATIONAL News (31/07/2025): अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने भारत पर आर्थिक दबाव और कूटनीतिक आलोचना का जबरदस्त वार करते हुए 1 अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर 25% आयात शुल्क (Tariff) लगाने की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ (Truth Social) पर इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि भारत के खिलाफ यह कदम इसलिए उठाया जा रहा है क्योंकि वह रूस से हथियार (Weapons) और तेल (Oil) खरीदना जारी रखे हुए है। इसके अलावा उन्होंने एक “अनिर्दिष्ट अतिरिक्त दंड” (Unspecified Penalty) की भी बात कही है।

भारत हमारा मित्र है, लेकिन व्यापार में बहुत बड़ा ‘अभियोगी’ भी है : डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप ने भारत को एक “मित्र देश” बताते हुए उसकी “उच्चतम दरों वाले टैरिफ संरचना” की तीखी आलोचना की। उन्होंने लिखा, भारत के साथ हमारे व्यापारिक रिश्ते (Business Relationships) सीमित रहे हैं क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज़्यादा हैं – दुनिया में सबसे ऊंचे। वे हमारे उत्पादों पर भारी शुल्क लगाते हैं, जबकि खुद के लिए अमेरिकी बाज़ार तक पहुंच चाहते हैं। लेकिन अब मैं राष्ट्रपति हूं, और ऐसा नहीं होने दूंगा।

रूस से संबंधों पर अमेरिका नाराज़, कहा – “भारत और रूस अपने मृत अर्थतंत्रों को साथ ले जाएं”

राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और रूस (India and Russia) के बीच बढ़ते रक्षा और ऊर्जा सहयोग को लेकर गहरी नाखुशी जाहिर की। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वे अपने मृत अर्थतंत्रों को साथ लेकर डूब सकते हैं। हम रूस के साथ कोई व्यापार नहीं करते – और ऐसा ही रहना चाहिए।

भारत की प्रतिक्रिया: हम राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेंगे

भारत सरकार ने ट्रंप की घोषणाओं का संज्ञान लेते हुए कहा कि वह “बयान की समीक्षा कर रही है” और अपने किसानों, लघु उद्योगों (Small Scale Industries) और उद्यमियों (Industrialists) के हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।
वाणिज्य मंत्रालय (Ministry of Commerce) के एक बयान में कहा गया, भारत और अमेरिका के बीच पिछले कुछ महीनों से निष्पक्ष, संतुलित और परस्पर लाभकारी व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। भारत सरकार इस दिशा में प्रतिबद्ध है।

अमेरिका का दबाव: कृषि और डेयरी सेक्टर बने ‘अड़चन’

अमेरिका वर्षों से भारतीय कृषि और डेयरी सेक्टर (Indian Agriculture and Dairy Sector) में बाजार पहुंच की मांग करता रहा है। वहीं भारत, खाद्य सुरक्षा और छोटे किसानों की आजीविका का हवाला देते हुए इस क्षेत्र को खोलने में हिचकता रहा है। भारतीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल (Ministry of Commerce Minister Piyush Goyal) ने हाल ही में कहा था कि भारत समझौते को लेकर “आशावान” है, लेकिन किसानों के हितों की अनदेखी नहीं की जाएगी।

पाकिस्तान के साथ अमेरिकी तेल समझौता: भारत के लिए नई कूटनीतिक चुनौती

ट्रंप ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ एक नया समझौता किया है, जिसके तहत दोनों देश मिलकर पाकिस्तान के तेल भंडारों का दोहन करेंगे। ट्रंप ने कहा, हमने पाकिस्तान के साथ एक समझौता किया है, जिसमें अमेरिका और पाकिस्तान साथ मिलकर उसके विशाल तेल भंडारों का विकास करेंगे। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब भारत और पाकिस्तान के रिश्ते लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। हाल ही में पहल्गाम (Pahalgam) में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कड़ी टिप्पणी की थी।

ट्रंप का दक्षिण कोरिया से ‘विशाल’ व्यापार समझौता

ट्रंप ने दक्षिण कोरिया (South Korea) के साथ $350 बिलियन डॉलर के निवेश और $100 बिलियन डॉलर के एलएनजी (LNG) खरीद समझौते की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अमेरिका को दक्षिण कोरिया में अब शुल्क नहीं देना होगा, जबकि अमेरिका दक्षिण कोरिया से 15% टैरिफ वसूलेगा।

भारत पर अमेरिकी व्यापार घाटा – ट्रंप की चिंता का केंद्र

2024 में अमेरिका और भारत के बीच $190 बिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार हुआ था, लेकिन अमेरिका को $45.8 बिलियन डॉलर का व्यापार घाटा हुआ। ट्रंप इसे “अस्वीकार्य” मानते हैं और भारत से अमेरिकी बाजार के लिए व्यापक पहुंच की मांग कर रहे हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध पर फिर बोले ट्रंप: 10-12 दिन में चाहिए शांति

ट्रंप ने एक बार फिर रूस और यूक्रेन युद्ध पर नाराज़गी जताई और कहा कि अब शांति समझौते के लिए 50 दिन नहीं, केवल 10-12 दिन दिए जा रहे हैं। उन्होंने रूसी नेता मेदवेदेव को चेतावनी देते हुए कहा, मेदवेदेव, जो खुद को अब भी राष्ट्रपति समझते हैं, वे बहुत खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए।

अमेरिका-भारत व्यापारिक रिश्तों पर संकट, कूटनीतिक तनाव गहराया

डोनाल्ड ट्रंप की तीखी टिप्पणियों और भारत पर नए टैरिफ थोपने की घोषणा के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावनाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारत को अब रूस के साथ अपने रणनीतिक रिश्तों (Strategic Relationships) और अमेरिका के साथ व्यापारिक रिश्तों (Business Relationships) के बीच सूझबूझ से संतुलन बनाना होगा। क्या भारत ट्रंप के दबाव में झुकेगा, या राष्ट्रीय हितों की रक्षा में कड़ा रुख अपनाएगा – आने वाले दिन अहम होंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।