डिंपल यादव को लेकर दिए विवादित बयान पर मौलाना रशीदी का जवाब, क्या बोले?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (29/07/2025): सपा सांसद डिंपल यादव (Dimpal Yadav) को लेकर की गई अपनी टिप्पणी पर बढ़ते विवाद के बीच ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन (AIIA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका बयान किसी व्यक्तिगत टिप्पणी के इरादे से नहीं था, बल्कि इस्लामिक मान्यताओं के अनुरूप था। मौलाना रशीदी ने कहा, “मस्जिद के अंदर जिस अवस्था में वे (डिंपल यादव) बैठी थीं, उस पर मेरी आपत्ति इस्लामिक शिक्षाओं के अनुसार थी। मस्जिद में बैठने की एक गरिमा होती है और उनके ठीक बगल में बैठी इकरा हसन इसका उदाहरण थीं, जिन्होंने सिर ढक रखा था। कम से कम उनसे सीख ले लेनी चाहिए थी।”

दरअसल, विवाद तब शुरू हुआ जब मौलाना साजिद रशीदी का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे मस्जिद में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित बैठक के दौरान डिंपल यादव के पहनावे पर टिप्पणी करते नजर आए। उन्होंने इकरा हसन की तुलना डिंपल यादव से करते हुए कहा कि एक ने शरीयत के अनुरूप सिर ढका, जबकि दूसरी का पहनावा मस्जिद की मर्यादा के अनुकूल नहीं था। इसके बाद मौलाना ने आगे बढ़ते हुए डिंपल यादव के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे विवाद गहरा गया और राजनीतिक बवाल मच गया।

इस बयान के खिलाफ एनडीए सांसदों ने संसद भवन के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और इसे महिला गरिमा पर सीधा हमला बताया। भाजपा की महिला सांसदों ने डिंपल यादव के समर्थन में उतरते हुए सवाल उठाया कि विपक्ष इस बयान पर चुप क्यों है। वहीं, डिंपल यादव ने भी पलटवार करते हुए कहा कि अच्छा होता यदि एनडीए नेता मणिपुर की महिलाओं के पक्ष में भी इसी तरह आवाज़ उठाते। अब मौलाना की सफाई के बाद भी यह मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है और राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।