Kargil Vijay Diwas 2025: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित संपूर्ण देश ने वीर प्रहरियों को किया नमन

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (26/07/2025): देशभर में शनिवार को 26वां कारगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Diwas) श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इसी दिन भारत ने 1999 के कारगिल युद्ध में दुश्मनों पर विजय प्राप्त कर इतिहास रचा था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) , रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) सहित अन्य शीर्ष नेताओं ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में लिखा, “यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उनका समर्पण देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। जय हिंद!” राष्ट्रपति ने कारगिल युद्ध में जान न्योछावर करने वाले सपूतों की स्मृति को नमन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शहीदों के अद्वितीय बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा, “यह अवसर हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जुनून और शौर्य हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।” पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वीरों को याद करते हुए कारगिल युद्ध के रणबांकुरों को सच्ची श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, सेना, वायुसेना और नौसेना प्रमुख भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने पोस्ट करते हुए लिखा, “कारगिल विजय दिवस पर मैं उन वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी देश की रक्षा में साहस और धैर्य का परिचय दिया।” उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में दिया गया सर्वोच्च बलिदान भारतीय सशस्त्र बलों के अटूट संकल्प की चिरस्थायी स्मृति है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी कारगिल के वीर सपूतों को नमन करते हुए कहा, “यह दिन भारत के गौरव और वीरता का प्रतीक है। ऑपरेशन विजय के तहत हमारे जवानों ने अदम्य साहस व पराक्रम की मिसाल पेश की। यह राष्ट्र आपके त्याग व बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।” केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान शहीद सैनिकों के परिजन भी मौजूद थे, जिन्होंने भावुक होकर अपने वीरों की यादें साझा कीं।

कारगिल युद्ध 60 दिनों से अधिक चला था और 26 जुलाई 1999 को भारतीय सैनिकों ने दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर विजय हासिल की थी। इस युद्ध में पाकिस्तानी सेना ने सर्दियों के मौसम में विश्वासघातपूर्वक भारत की ऊंची चौकियों पर कब्जा कर लिया था, जिन्हें भारतीय सशस्त्र बलों ने असाधारण वीरता के साथ पुनः प्राप्त किया। यह युद्ध सीमित दायरे में लड़ा गया लेकिन इसकी रणनीतिक और सैन्य जटिलताएं उच्च स्तर की थीं।

भारतीय वायुसेना ने इस युद्ध के दौरान पहली बार बड़े स्तर पर सीमित संसाधनों के साथ ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ चलाया। यह अभियान 26 मई 1999 को शुरू हुआ और इसने यह साबित किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार किए बिना भी हवाई शक्ति युद्ध का रुख निर्णायक रूप से बदल सकती है। 1971 के बाद यह पहला मौका था जब कश्मीर क्षेत्र में इतनी बड़ी हवाई तैनाती की गई। ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता ने भारतीय सैन्य शक्ति, संयम और साहस का प्रमाण दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। कारगिल विजय दिवस न केवल हमारी सैन्य विजय की याद दिलाता है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति और बलिदान की भावना को भी जीवित रखता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।