भारत-इजराइल रक्षा सहयोग को नई दिशा: रक्षा सचिव और इजरायली महानिदेशक के बीच बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (24/07/2025): भारत और इजराइल के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारत के रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और इजरायली रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अमीर बारम के बीच नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनों देशों ने दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में रक्षा सहयोग को विस्तार देने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही, एक संस्थागत ढांचा विकसित कर रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाने पर भी दोनों पक्षों ने सहमति जताई।
बैठक के दौरान इजरायली प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया। वहीं, भारतीय रक्षा सचिव ने आतंकवाद के प्रति भारत के ‘शून्य सहिष्णुता’ दृष्टिकोण को दोहराया और 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल में हुए आतंकी हमलों की निंदा करते हुए सभी बंधकों की तत्काल रिहाई की अपील की।

इस अवसर पर दोनों अधिकारियों ने जुलाई 2024 में भारत में आयोजित संयुक्त कार्य समूह की पिछली बैठक के बाद से अब तक हुई रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने रक्षा तकनीक, संयुक्त प्रशिक्षण और क्षमताओं के उन्नयन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर सहयोग जारी रखने का संकल्प लिया।
इजरायली रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक की यह भारत यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे होते रक्षा संबंधों की एक अहम कड़ी है और यह रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।