न चेहरा, न एजेंडा, सिर्फ गालियों की राजनीति कर रही भाजपा: अरविंद केजरीवाल का BJP पर हमला
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (23 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के पास न कोई मुख्यमंत्री चेहरा है और न ही कोई ठोस एजेंडा। उन्होंने कहा, “भाजपा सिर्फ मुझे गालियां देकर चुनाव लड़ना चाहती है। लेकिन दिल्लीवालों को अब तय करना होगा कि क्या गालियों से दिल्ली का विकास हो सकता है?”
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में दो सरकारें हैं—आधी आम आदमी पार्टी की और आधी केंद्र सरकार की। उनकी सरकार ने बिजली, पानी, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा, सड़कों और सीवर जैसी सुविधाओं के लिए काम किया। लेकिन भाजपा ने इन 5 सालों में दिल्ली के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने सवाल उठाया, “दिल्ली में भाजपा के सातों सांसद हैं, एलजी साहब उनके हैं और केंद्र सरकार के पास अरबों रुपये का बजट है। फिर भी इन्होंने न तो नई सड़कें बनाईं और न ही नए अस्पताल।”
दिल्ली की कानून व्यवस्था पर भाजपा को घेरते हुए केजरीवाल ने कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं। गैंगस्टर्स खुलेआम घूम रहे हैं और गोलियां चल रही हैं। “लोगों ने भाजपा को कानून-व्यवस्था संभालने का जिम्मा दिया था, लेकिन वे यह काम भी नहीं कर सके। दिल्ली की सुरक्षा पर उनकी विफलता साफ नजर आती है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने भाजपा के चुनावी रणनीति पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास सिर्फ चार्जशीट और गालियां देने की राजनीति बची है। “इनका मेनिफेस्टो केवल मुझे गालियां देना है। दिल्लीवालों को चाहिए कि वे उनसे पूछें कि वे विकास के लिए क्या करेंगे। हम अपने काम और योजनाओं पर वोट मांग रहे हैं। लेकिन भाजपा के पास न कोई चेहरा है, न टीम, न योजना और न ही कोई एजेंडा।”
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के लोगों के लिए बिजली-पानी, सड़कों और महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा जैसी योजनाएं लागू कीं। आगे भी वह विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे विकास को प्राथमिकता दें और गालियों की राजनीति को खारिज करें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।