मानसून सत्र आज से शुरू, 21 अगस्त तक चलेगा; किन मुद्दों पर होगी चर्चा?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (21/07/2025): संसद का मानसून सत्र आज सोमवार से शुरू हो रहा है, जो 21 अगस्त तक प्रस्तावित है। यह सत्र कुल 32 दिनों तक चलेगा और इस दौरान 21 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनज़र संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 12 अगस्त से 17 अगस्त तक स्थगित रहेगी और सत्र 18 अगस्त को दोबारा शुरू होगा।

रविवार को मानसून सत्र की तैयारी को लेकर संसद भवन एनेक्सी में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा ने की। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली, जिसमें एनडीए और विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने बैठक के बाद बताया कि कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, अमेरिकी राष्ट्रपति के कथित दखल, बिहार में मतदाता सूची के सघन पुनरीक्षण और मणिपुर मुद्दे पर प्रधानमंत्री से जवाब की मांग की है।

सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सभी दलों ने बैठक में अपने विचार साझा किए और सरकार हर अहम मुद्दे पर चर्चा के लिए नियम और परंपरा के तहत पूरी तरह तैयार है।

इस सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने की योजना में है। इनमें जीएसटी सुधार, टैक्सेशन कानून में बदलाव, सार्वजनिक विश्वास नियमन, खेल प्रशासन, बंदरगाहों और खनिज संसाधनों से जुड़े कानून तथा भू-विरासत स्थलों के संरक्षण से संबंधित विधेयक शामिल हैं। साथ ही, लोकसभा में नए आयकर विधेयक, 2025 पर बनी संसदीय पैनल की रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। इसके अलावा एक न्यायाधीश को हटाने के प्रस्ताव पर भी संसद में बहस की संभावना है।

सरकार और विपक्ष दोनों इस सत्र में अपनी भूमिका के लिए तैयार हैं। ऐसे में यह मानसून सत्र राजनीतिक रूप से गरम रहने की संभावना है, जिसमें जनता से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर तीखी बहसें देखने को मिल सकती हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।