नोएडा में थार से स्टंट, राहगीरों को रौंदने की कोशिश, वीडियो वायरल!

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (14/07/2025): नोएडा के सेक्टर-125 में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय (University) के समीप तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही काले रंग की थार (Thar) गाड़ी का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि चालक ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करते हुए राहगीरों की जान जोखिम में डाल दी। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बारिश में की स्टंटबाजी (Stunts)

वीडियो करीब 11 सेकेंड का है जिसमें थार चालक सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाता दिखाई दे रहा है। उस समय सड़क पर हल्की बारिश हो रही थी और लोग छाता (Umbrella) लेकर सड़क पार कर रहे थे। कई छात्राएं भी ऑटो का इंतजार करती हुई सड़क किनारे खड़ी नजर आ रही हैं। ऐसे में वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती थी। गाड़ी की नंबर प्लेट पीछे से स्पष्ट नहीं दिख रही, जिससे वाहन की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण (Challenging) हो सकता है। हालांकि, पुलिस वीडियो के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

सेक्टर-126 पुलिस ने लिया वीडियो का संज्ञान

सेक्टर-126 थाने की पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह वीडियो किस स्थान का है और गाड़ी किस व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड (Registered) है। साथ ही, यह भी जानने की कोशिश हो रही है कि उस समय वाहन कौन चला रहा था।

हाल ही में चला था विशेष अभियान, फिर भी नहीं थमी स्टंटबाजी

गौरतलब है कि इसी इलाके में दो दिन पहले ही पुलिस ने सड़क पर स्टंट और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान छह गाड़ियों के चालान काटे गए थे और दो गाड़ियां सीज की गई थीं। बावजूद इसके युवाओं की ओर से स्टंटबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद आम नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने नोएडा पुलिस को टैग कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाह ड्राइविंग (Irresponsible Driving) से सड़क पर चलने वाले आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई और वीडियो या जानकारी है, तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए, ताकि जांच में मदद मिल सके और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर कार्रवाई की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।