अनंगपुर को बचाने मैदान में उतरे सौरभ भारद्वाज: बोले, “एक आवाज़ दो, पूरी ‘आप’ पार्टी बुलडोजर के सामने खड़ी होगी”

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi/Faridabad News (13/07/2025): 1300 साल पुरानी अनंगपुर गांव की विरासत को बचाने के लिए रविवार को फरीदाबाद में आयोजित महापंचायत में आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “अगर सरकार अपने हित में कोर्ट के फैसले पलट सकती है, तो लाखों लोगों को बचाने के लिए भी अध्यादेश ला सकती है।”

उन्होंने कहा कि अनंगपुर की मिट्टी सिर्फ ज़मीन नहीं, एक विरासत है, और इसे बचाने की लड़ाई अब गांव-देहात की नहीं, पूरे देश की है। महापंचायत में सौरभ भारद्वाज ने लोगों से एकजुटता का आह्वान करते हुए कहा, “जिस दिन बुलडोजर अनंगपुर पहुंचेगा, बस एक आवाज़ देना — दिल्ली से पूरी आम आदमी पार्टी खड़ी हो जाएगी।”

उन्होंने याद दिलाया कि जब किसानों ने तीन काले कानूनों के खिलाफ एकजुटता दिखाई थी, तो केंद्र सरकार को घुटने टेकने पड़े थे। उसी तरह, जब सभी गांव-देहात एकजुट होंगे, तो बीजेपी सरकार को भी झुकना पड़ेगा। सौरभ ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह कोर्ट के आदेशों को सिर्फ तब मानती है जब उससे उसे फायदा हो। उन्होंने कहा कि सरकार जब चाहे, अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को बदल देती है।

सौरभ भारद्वाज ने सरकार से सवाल किया कि अगर अदालत में केस लड़ने गई सरकार खुद गांववालों के खिलाफ पक्ष लेगी, तो गांव कैसे जीतेंगे? उन्होंने कहा कि सरकार को गांववालों के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि उन्हें अदालत में हराना चाहिए।

महापंचायत में आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर पहुंचा, जिसमें ब्रह्म सिंह तंवर, महाबल मिश्रा, सहीराम पहलवान, रमेश पहलवान, कृष्ण जाखड़ समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्षद शामिल थे।

महापंचायत के बाद सोशल मीडिया पर भी सौरभ भारद्वाज ने हुंकार भरी: “1300 साल पुरानी विरासत को मिटाने की साज़िश के खिलाफ अब गांव-देहात एकजुट हैं। जब सब साथ होंगे, तो बीजेपी सरकार को झुकना ही पड़ेगा।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।