मजनू का टीला डबल मर्डर: सिरफिरे आशिक ने युवती और मासूम को उतारा मौत के घाट

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (08/07/2025): दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सिरफिरे आशिक ने पहले अपनी पूर्व प्रेमिका और फिर छह माह की मासूम बच्ची की गला रेतकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना शनिवार दोपहर उस समय हुई जब मृतका की सहेली अपनी बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने गई थी और छह माह की मासूम को युवती के पास छोड़ गई थी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी युवक घर में घुसा और दोनों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

मृतका की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है, जो मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली थी। प्रेमी से विवाद के बाद वह अपनी सहेली के साथ मजनू का टीला में रह रही थी। वारदात के वक्त घर में कोई और मौजूद नहीं था। चीख-पुकार के बाद सन्नाटा देख पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे में युवती और बच्ची की खून से लथपथ लाशें मिलीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सिविल लाइंस थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं, वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम-संबंधों में दरार और एकतरफा जुनून की बात सामने आ रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस घटना ने दिल्ली में महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहब्बत के नाम पर बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति से समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।