अटल सम्मान समारोह 2024: विक्रम कारपेट के सीईओ आर. के. जैन को मिला अटल सम्मान | टेन न्यूज से खास बातचीत
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (21 दिसंबर 2024): “भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित “अटल सम्मान समारोह 2024” प्रधानमंत्री संग्रहालय, नई दिल्ली में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, उक्त अवसर विशिष्ट अतिथि के रूप में जयपुर से लोकसभा सांसद मंजू शर्मा, बीजेपी के वरिष्ठ नेता श्याम जाजू, पूर्व राज्यसभा सांसद नारायण जाटिया, डॉ. अशोक अग्रवाल (चेयरमैन, एलवीएफ), पूर्व सांसद एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, डॉ. एसी राजेश ओझा (महामंडलेश्वर), EPCH के पूर्व चेयरमैन लेखराज माहेश्वरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर देश में समाजसेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले कई महान हस्तियों को सम्मानित किया गया। यह समारोह अटल जी की अद्वितीय सोच, उनके नेतृत्व और भारत निर्माण के प्रति उनके समर्पण को स्मरण करने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आयोजित किया गया था।”
अटल सम्मान 2024” से अलंकृत होने के बाद विक्रम कार्पेट के सीईओ आर.के. जैन ने टेन न्यूज से खास बातचीत में बताया कि “मैं बहुत खुश हूं कि अटल फाउंडेशन ने ऐसे एक्सपोर्टर्स को चुना, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए मेहनत कर रहे हैं। यह अवार्ड सही दिशा में हमारी मेहनत का परिणाम है। मैं अटल फाउंडेशन टीम का बहुत आभारी हूं।”
मिर्जापुर से आने वाले आर.के. जैन ने अपनी यात्रा और सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि उनका सफर चुनौतीपूर्ण था, लेकिन 50 वर्षों के अनुभव ने उन्हें शून्य से शिखर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा, “हमने जमीनी स्तर पर काम शुरू किया और आज हमारा एक्सपोर्ट 60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। हमारे उत्पाद अमेरिका, यूरोप और अन्य कई देशों में निर्यात किए जाते हैं। हमारी फैक्ट्री में डिज़ाइन और आरएंडडी सेक्शन सहित कई आधुनिक व्यवस्थाएं हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करती हैं। साथ ही, हम सभी सामाजिक और कानूनी आवश्यकताओं का पालन करते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान का जिक्र करते हुए आर.के. जैन ने कहा, “हम लोकल मार्केट को बढ़ावा देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। भारत आज वैश्विक बाजार में एक मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। अब हमारा उद्देश्य भारत के घरों तक अपनी खूबसूरत और प्रतिस्पर्धात्मक कीमतों वाले कारपेट पहुंचाना है। पहले लोग चीन से इन उत्पादों को खरीदते थे, लेकिन अब हम चाहते हैं कि भारतीय उपभोक्ता हमारे देश में निर्मित उत्पादों को अपनाएं।”
इस सम्मान का श्रेय देते हुए आर.के. जैन ने कहा, “मैं यह अवार्ड अपने पिता को समर्पित करता हूं। उन्होंने हमें इस क्षेत्र में प्रेरित किया और हमें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए हम कारपेट उद्योग में और भी नए मुकाम हासिल करने की इच्छा रखते हैं।”यह सम्मान समारोह भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था के लिए अनुकरणीय योगदान देने वालों को प्रोत्साहित करने का एक सराहनीय प्रयास है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।