गौतमबुद्धनगर: बीमारियों पर डिजिटल नजर, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई ताकत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
गौतमबुद्धनगर, (04 जुलाई 2025): गौतमबुद्धनगर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को और आधुनिक एवं प्रभावशाली बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में अब बीमारियों की निगरानी और रिपोर्टिंग पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके तहत यूनिफाइड डिजीज सर्विलांस पोर्टल (UDSP) पर जिले के स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया गया, जिससे अब बीमारी की हर छोटी-बड़ी जानकारी तकनीक के माध्यम से सरकार तक तुरंत पहुंचेगी और त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को इस पोर्टल के प्रयोग और उपयोगिता की जानकारी दी गई। UDSP पोर्टल पर बुखार, दस्त, टाइफाइड, टीबी, खसरा, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कोरोना, एचआईवी समेत कुल 20 अधिसूचित बीमारियों की रियल टाइम रिपोर्टिंग होगी।
यह कदम न सिर्फ महामारी जैसी स्थितियों को समय रहते रोकने में मदद करेगा, बल्कि सरकारी और निजी अस्पतालों के बीच सूचना के आदान-प्रदान को भी सहज और पारदर्शी बनाएगा। अब हर गांव, कस्बे और शहर में होने वाली बीमारियों की जानकारी जिला स्तर पर एक ही क्लिक पर उपलब्ध रहेगी।
गांवों में घर-घर जाकर बीमारी की सूचना देने के झंझट को खत्म करते हुए यह प्रणाली सुनिश्चित करेगी कि हर नागरिक को सही समय पर इलाज मिल सके और बीमारियों की रोकथाम में देरी न हो। स्वास्थ्य विभाग अब एक क्लिक पर यह भी जान पाएगा कि किस क्षेत्र में किस बीमारी का फैलाव बढ़ रहा है, जिससे त्वरित नियंत्रण और दवा वितरण की योजना बनाई जा सके।
डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी के इस युग में गौतमबुद्धनगर ने प्रदेश और देश को एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत किया है। जनता को भी अब अपने स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी और सभी अस्पतालों व लैब की रिपोर्टिंग भी डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित होगी। यह कदम जिले को एक और बड़ी स्वास्थ्य क्रांति की ओर ले जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।