सांसद प्रवीण खंडेलवाल का औचक निरीक्षण: अतिक्रमण हटाने को लेकर सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (03 जुलाई 2025): चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने गुरुवार को क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चावड़ी बाजार, सीताराम बाजार एवं माता सुंदरी गुरुद्वारा क्षेत्र का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ दिल्ली नगर निगम की शहरी क्षेत्र उपायुक्त, दिल्ली पुलिस के मध्य जिला उपायुक्त, जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, बीएसईएस, दिल्ली मेट्रो और भाजपा के स्थानीय नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहे। भाजपा नेता अरविंद गर्ग, प्रवीण शंकर कपूर, अमित गुप्ता और दीप्ति इंदौरा विशेष रूप से इस दौरे में शामिल हुए।
सांसद खंडेलवाल ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि चावड़ी बाजार में कुछ स्थाई अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। साथ ही जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को धंसी हुई सीवर लाइनों और गड्ढों की मरम्मत का आदेश दिया गया। पुलिस को अवैध पार्किंग और रिक्शा संचालन को नियंत्रित करने के लिए सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए।
हौजकाज़ी चौक पर अवैध स्कूटर पार्किंग को हटाने और सीताराम बाजार की सड़कों की मरम्मत कर पटरी दुकानदारों को व्यवस्थित करने की योजना भी बनाई गई।
माता सुंदरी रोड की स्थिति पर चिंता जताते हुए सांसद ने नगर निगम की उपायुक्त को निर्देश दिया कि दीनदयाल उपाध्याय पार्क के पीछे, लोकनायक अस्पताल के पास और गुरुद्वारा साहिब के आसपास कबाड़ियों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाने की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।