नई दिल्ली (03 जुलाई 2025): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संरक्षक शिबू सोरेन इन दिनों दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में वेंटिलेटर पर हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. ए.के. भल्ला ने बताया कि उम्र संबंधी जटिलताएं, डायबिटीज, बाईपास सर्जरी का इतिहास और फेफड़े व किडनी की पुरानी बीमारी के चलते रिकवरी की प्रक्रिया धीमी है। हाल ही में ब्रेन स्ट्रोक के बाद उनके शरीर के बाएं हिस्से में लकवे के लक्षण दिखाई दिए, जिसके बाद उन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल आईसीयू में लगातार डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
शिबू सोरेन की गंभीर हालत को देखते हुए उनके बेटे और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बीते एक सप्ताह से दिल्ली में ही हैं। उनके साथ पत्नी कल्पना सोरेन, भाई बसंत सोरेन और अन्य परिवारजन भी सर गंगाराम अस्पताल में मौजूद हैं और लगातार वरिष्ठ नेता की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की टीम हर घंटे स्वास्थ्य की समीक्षा कर रही है। फिलहाल चिकित्सकों का कहना है कि स्थिति गंभीर जरूर है, लेकिन स्थिर है और रिकवरी की संभावना बनी हुई है।
शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही अस्पताल में नेताओं का आना-जाना लगातार जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सीपीआईएम नेता वृंदा करात, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी और कई अन्य नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल लिया। झारखंड में ‘दिशोम गुरु’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन के लिए झारखंड और देशभर से शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थनाओं का सिलसिला जारी है।
शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से रहे हैं और झारखंड मुक्ति मोर्चा की राजनीतिक विचारधारा की नींव उन्होंने ही रखी थी। तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रह चुके सोरेन आदिवासी राजनीति के सबसे बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। उनकी बीमारी ने न केवल राजनीतिक गलियारों में चिंता बढ़ा दी है, बल्कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में भी गहरी बेचैनी देखी जा रही है। झारखंड के कई जिलों में समर्थकों ने पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान शुरू कर दिए हैं ताकि ‘दिशोम गुरु’ जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।