जेवर में भूजल दोहन के खिलाफ उबाल, धरने का ऐलान!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (2 जुलाई 2025): जेवर क्षेत्र के कई गांवों में भूजल स्तर लगातार गिरने से किसानों में गहरी नाराजगी है। रौनीजा, रुस्तमपुर, नीलौनी मिर्जापुर, चक जलालाबाद और खेड़ा मोहम्मदाबाद गांवों के ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार महीनों से एक निजी यूनिवर्सिटी, जेबीएम यूनिवर्सिटी (JBM University) द्वारा अत्यधिक जल दोहन किया जा रहा है, जिससे इलाके का भूमिगत जल स्तर चिंताजनक रूप से नीचे चला गया है।
इस गंभीर समस्या के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) (Bhartiya Kisan Union) के बैनर तले किसानों ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। बुधवार को रौनीजा गांव में यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज के निवास पर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया। बैठक की अध्यक्षता अहमद खान ने की, जबकि संचालन विश्वास नागर ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गुरुवार सुबह 11 बजे से किसान सेक्टर 22ई स्थित यमुना विकास प्राधिकरण, रौनीजा गांव, और जेबीएम यूनिवर्सिटी के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे। किसानों का आरोप है कि उन्होंने कई बार जिला प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण को इस मुद्दे की जानकारी दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
किसान नेताओं का कहना है कि भूजल दोहन (GroundWater Exploitation) से उनकी खेती प्रभावित हो रही है और आने वाले समय में पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों की मांग है कि यूनिवर्सिटी द्वारा हो रहे अवैध जल दोहन पर तुरंत रोक लगाई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
बैठक में प्रताप नागर, प्रेम पाल फौजी, प्रमोद शर्मा, गजब सिंह, राजन गोड, पप्पू प्रधान, और मनवीर भाटी समेत कई किसान नेता और यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा, लेकिन यदि प्रशासन ने अनदेखी जारी रखी, तो भविष्य में उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।