दिल्ली हाट अग्निकांड: शिल्पकारों को मिलेगी राहत, 5 लाख की सहायता

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (30 जून 2025): दिल्ली हाट, आईएनए में 30 अप्रैल 2025 की रात हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने प्रभावित शिल्पकारों के पुनर्वास और सहयोग के लिए ठोस कदम उठाए हैं। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को इस संबंध में बड़ी घोषणाएं करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले से घोषित 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि को मंजूरी दी जा चुकी है। अब कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की राशि 24 प्रभावित शिल्पकारों के खातों में सीधे प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही कपिल मिश्रा ने अतिरिक्त सहायता की घोषणा करते हुए बताया कि जिन 24 शिल्पकारों के स्टॉल इस आग में पूरी तरह नष्ट हो गए थे, उन्हें 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक की अवधि के लिए दिल्ली हाट आईएनए में छह महीने तक मुफ्त में स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे। यह आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि सरकार शिल्पकारों और कारीगरों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि उनके सामाजिक और व्यावसायिक पुनर्निर्माण का भी हिस्सा है। “हम चाहते हैं कि हमारे कारीगर फिर से आत्मनिर्भर बनें, अपनी कला और व्यवसाय को दोबारा शुरू करें और पहले से अधिक मजबूती से आगे बढ़ें,” उन्होंने कहा।

इस पहल से न केवल प्रभावित शिल्पकारों को राहत मिलेगी, बल्कि यह उनके भविष्य को पुनः संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास भी सिद्ध होगा। सरकार की यह त्वरित और सहानुभूतिपूर्ण प्रतिक्रिया दिल्ली हाट जैसे सांस्कृतिक स्थलों से जुड़े कलाकारों और कारीगरों के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।