9 दिन पहले पहुंचा मानसून, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (29 जून 2025): दिल्ली-एनसीआर में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने 29 जून को समय से 9 दिन पहले दस्तक दे दी है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 8 जुलाई के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार यह पहले ही सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि 29 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, जो बीते कुछ वर्षों में एक असाधारण स्थिति है। राजधानी दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्र में मानसून की आमद के साथ ही मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर नरेश कुमार के मुताबिक, पूरे देशभर में इस समय गहरे बादल छाए हुए हैं, खासकर उत्तर-पश्चिम भारत में। इसका कारण है एक सक्रिय लो प्रेशर एरिया, जिससे मानसून की गतिविधियां तेज़ हुई हैं। मानसून ट्रफ इस वक्त फिरोजपुर, सोनीपत, अयोध्या, गया, पुरुलिया होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली हुई है, जिससे भारी वर्षा के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनी हुई हैं।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम विभाग ने 29 जून से 2 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 4 से 6 डिग्री कम है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। इसके साथ ही पंजाब और हरियाणा में भी इसी तरह का मौसम रहने का पूर्वानुमान है।

देश के कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। झारखंड और ओडिशा में 29 और 30 जून को रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने झारखंड के कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी अत्यधिक वर्षा की आशंका के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहां भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 29 जून से 5 जुलाई तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मध्य प्रदेश, बिहार, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड जैसे राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ वर्षा की संभावना है। मानसून की इस तेज़ रफ्तार से जहां गर्मी से राहत मिली है, वहीं कई राज्यों में जलभराव और भूस्खलन जैसे खतरे भी सामने आ सकते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।