नशा मुक्त दिल्ली के संकल्प के साथ कार्यक्रम: सीएम रेखा गुप्ता ने युवाओं को किया प्रेरित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 जून 2025): अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस (International Day Against Drug Abuse & Illicit Trafficking) के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, समाज को जागरूक करने और एक नशा मुक्त दिल्ली व भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति की सेहत को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की एकता और समाज की नींव को गहरा नुकसान पहुंचाता है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सकारात्मक बदलाव की दिशा में लगाएं, यही दिल्ली सरकार का प्राथमिक उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “नशा मुक्त भारत” अभियान को एक जन-आंदोलन करार देते हुए कहा कि यह संकल्प अब पूरे देश की चेतना बन चुका है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि उनके सक्रिय मार्गदर्शन और सशक्त प्रशासनिक नेतृत्व ने इस अभियान को नई दिशा और गति दी है। दिल्ली सरकार इस राष्ट्रीय संकल्प को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर सहयोग कर रही है।

कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस द्वारा संचालित जन-जागरूकता अभियान की भी सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल समाज के हर वर्ग तक संदेश पहुंचाने में सहायक हो रही है और दिल्ली सरकार इस प्रयास में कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकारों की नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और यही भावना इस जागरूकता अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।

इस जागरूकता कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, विधायक ओम प्रकाश शर्मा, संजय गोयल और डॉ. अनिल गोयल की उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नशे के खिलाफ लड़ाई को एक नैतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी से आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर एक नशा मुक्त, जागरूक और सशक्त दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।