नई दिल्ली (25 जून 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 25 जून 2025 को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की अहम बैठक में कई बड़े और दूरगामी फैसले लिए गए, जिनका सीधा लाभ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड को मिलेगा। इस बैठक में न केवल राज्य स्तरीय विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई, बल्कि कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर और पुनर्वास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लगी। बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्रकारों को बताया कि सरकार ने तीन मुख्य क्षेत्रों में निवेश को मंजूरी दी है, जिनमें पुणे मेट्रो प्रोजेक्ट का विस्तार, झरिया में भूमिगत आग से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास का संशोधित प्लान और आगरा में अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र की स्थापना शामिल है।
महाराष्ट्र के पुणे शहर को मेट्रो विस्तार के रूप में बड़ी सौगात मिली है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पुणे मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के फेज-2 के लिए 3,626 करोड़ रुपये के निवेश को स्वीकृति दी है। इस परियोजना के तहत मौजूदा वनाज-रामवाड़ी कॉरिडोर का विस्तार किया जाएगा। इसमें वनाज से चांदनी चौक (कॉरिडोर-2A) और रामवाड़ी से वाघोली/विट्ठलवाड़ी (कॉरिडोर-B) तक कुल 12.75 किलोमीटर का एलिवेटेड रूट बनाया जाएगा, जिसमें 13 मेट्रो स्टेशन होंगे। यह कदम पुणे की शहरी यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव लाएगा।
झारखंड के झरिया क्षेत्र में लंबे समय से जारी भूमिगत कोयला आग की समस्या के समाधान के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 5,940 करोड़ रुपये के संशोधित मास्टर प्लान को मंजूरी दी। झरिया कोयला क्षेत्र में कई दशक से चल रही भूमिगत आग के कारण हजारों लोग प्रभावित हैं। इस प्लान का मकसद प्रभावित लोगों का पुनर्वास, आग बुझाने के उपाय और सुरक्षित जीवन-पर्यावरण सुनिश्चित करना है। इससे न केवल पर्यावरणीय संकट में सुधार होगा, बल्कि वहां के स्थानीय निवासियों को एक सुरक्षित जीवन और पुनर्स्थापित आजीविका का अवसर भी मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिंगना क्षेत्र में 111 करोड़ रुपये की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय आलू केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई है। यह केंद्र साउथ एशिया रीजनल सेंटर के रूप में कार्य करेगा और आलू तथा शकरकंद की फसल में उत्पादन, कटाई के बाद प्रबंधन, वैल्यू एडिशन और शोध को बढ़ावा देगा। इस परियोजना से खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, किसानों की आय में वृद्धि होगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। खासतौर पर बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए यह योजना गेमचेंजर साबित हो सकती है।
बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतरिक्ष में भारत की बड़ी उपलब्धि की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के नेतृत्व में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाला Axiom Mission 4 अंतरिक्ष के लिए सफलतापूर्वक लॉन्च हुआ है। भारत के अलावा हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्री भी इस मिशन का हिस्सा हैं। शुभांशु शुक्ला जल्द ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। मंत्री वैष्णव ने कहा कि वह 1.4 अरब भारतीयों की उम्मीदों और आकांक्षाओं को अंतरिक्ष में लेकर जा रहे हैं। यह मिशन देश की वैज्ञानिक प्रगति और वैश्विक पहचान का प्रतीक है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।