29 जून को जंतर मंतर पर AAP की महारैली: विधायक संजीव झा ने लोगों से किया विशेष आह्वान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20 जून 2025): दिल्ली की झुग्गियों में बसने वाले हज़ारों परिवारों की चिंता को आवाज़ देने के लिए बुराड़ी के विधायक संजीव झा (MLA Sanjeev Jha) ने आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के अज़ादपुर में ‘घर-रोज़गार बचाओ यात्रा’ निकाली। संजीव झा ने स्पष्ट किया कि यह यात्रा झुग्गीवासियों को उजाड़ने की साज़िश का विरोध करती है और हर परिवार को पक्का मकान तथा रोज़गार की गारंटी दिलाने की मांग को लेकर आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि यह केवल यात्रा नहीं, बल्कि एक जनांदोलन है जो दिल्ली के मेहनतकश नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए शुरू हुआ है।

इस अभियान की कमान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने खुद संभाली। उनके साथ अखिलेश पति त्रिपाठी भी मौजूद रहे, जिन्होंने झुग्गीवासियों से सीधे संवाद किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके रहते कोई भी परिवार बेघर नहीं होगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं की टीमों ने गली-गली जाकर स्थानीय लोगों को आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया और बताया कि यदि एकजुटता दिखाई गई, तो सरकार को जनता की आवाज़ सुननी ही पड़ेगी।

कार्यकर्ताओं और झुग्गीवासियों ने पूरे जोश से 29 जून को जंतर मंतर पर होने वाली ‘महा रैली’ के लिए लोगों को आमंत्रित किया। इस रैली को निर्णायक संघर्ष का रूप देने की तैयारी चल रही है, जिससे सरकार तक एक मज़बूत संदेश पहुंचे कि झुग्गी तोड़ने नहीं दी जाएगी और न ही किसी का चूल्हा बुझने दिया जाएगा। संजीव झा ने कहा कि इस लड़ाई में हर बस्ती का साथ ज़रूरी है, ताकि दिल्ली के सभी गरीब और मेहनतकश परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिल सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।