नई दिल्ली, (15 जून 2025): दिल्ली को डिजिटल शिक्षा और इनोवेशन का केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को “दिल्ली डिजिटल यूनिवर्सिटी” की स्थापना का विस्तृत प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव की प्रति दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद को भी प्रेषित की गई है।
खंडेलवाल ने इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप भविष्य-उन्मुख, तकनीक-सक्षम शिक्षा प्रणाली की दिशा में एक रणनीतिक और दूरदर्शी पहल करार दिया।
उन्होंने सुझाव दिया कि यह यूनिवर्सिटी ऑनलाइन उच्च शिक्षा, कौशल विकास, और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन व डिजिटल गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में अनुसंधान एवं नवाचार का एक सशक्त मंच बन सकती है।
सांसद ने कहा कि यह पहल समाज के हर वर्ग को किफायती, लचीली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने में सक्षम होगी, विशेषकर दूरदराज़ के छात्रों को जो पारंपरिक शिक्षा तक नहीं पहुंच पाते।
टेक कंपनियों और स्टार्टअप्स के साथ साझेदारी के ज़रिए रोजगार-केंद्रित पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं, जो युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करें और उद्यमिता को बढ़ावा दें।
सांसद खंडेलवाल ने इस प्रस्ताव को कम लागत में अधिक शिक्षा तक पहुंच का मॉडल बताते हुए कहा कि यह दिल्ली को एक वैश्विक ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय छात्र और शोधकर्ता भी इससे आकर्षित हो सकते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि यह प्रस्ताव स्वीकार होता है, तो यह दिल्ली सरकार की शिक्षा नीति में ऐतिहासिक मोड़ सिद्ध होगा और समावेशी व तकनीक-आधारित शिक्षा के क्षेत्र में दिल्ली को अग्रणी बनाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।