नई दिल्ली (12 जून 2025): राजधानी दिल्ली से कोरोना संक्रमण को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में COVID-19 का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, 188 संक्रमित मरीज पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। इससे दिल्ली में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 757 से घटकर अब 731 रह गई है। इस दौरान किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है, जिससे यह साबित होता है कि कोरोना का मौजूदा वेरिएंट गंभीर रूप से घातक नहीं है। जनवरी से अब तक कोरोना से दिल्ली में केवल आठ लोगों की मौत हुई है, जो कि संक्रमण की गंभीरता में कमी को दर्शाता है।
हालांकि राहत के इस दौर में भी चिकित्सा विशेषज्ञों ने कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही कोरोना का नया वेरिएंट JN.1 घातक नहीं प्रतीत हो रहा, लेकिन पहले से बीमार और बुजुर्ग लोगों के लिए यह वेरिएंट खतरनाक साबित हो सकता है। जिन लोगों को डायबिटीज, हृदय रोग, किडनी या लिवर की पुरानी बीमारी है, उन्हें मास्क पहनने, भीड़भाड़ से बचने और संक्रमण के मामूली लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में इस साल जनवरी से अब तक कुल 1,510 मरीज कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं, जो कि रिकवरी दर में सकारात्मक संकेत देता है। वहीं, सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक केवल आठ लोगों की मौत हुई है, जो यह दर्शाता है कि संक्रमण की भयावहता पहले की तुलना में काफी कम हो चुकी है। फिर भी, स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, JN.1 वेरिएंट ओमीक्रॉन का ही एक सब-वेरिएंट है, जो तेजी से फैलता जरूर है लेकिन इसकी तीव्रता काफी हल्की है। इसके लक्षण सामान्य वायरल बुखार की तरह ही हैं, जैसे खांसी, जुकाम, बुखार, गले में खराश, थकान, सिर दर्द और गंध व स्वाद में कमी आना। अधिकतर मामलों में संक्रमित व्यक्ति होम आइसोलेशन में ही ठीक हो जाता है और उसे अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ती। यही कारण है कि सरकार इस समय निगरानी के साथ-साथ जागरूकता पर भी जोर दे रही है।
फिलहाल दिल्ली में कुल 731 एक्टिव केस हैं, जो कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में गिरावट का संकेत दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार टेस्टिंग और ट्रैकिंग पर नजर बनाए हुए है। हालांकि कोविड के खिलाफ जारी यह जंग अब हल्की पड़ती नजर आ रही है, लेकिन विशेषज्ञों की मानें तो सावधानी ही अब भी सबसे बड़ा हथियार है। सरकार ने अपील की है कि लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहें और विशेष रूप से जोखिम वाले वर्ग के लोग सतर्कता में कोई चूक न करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।