दिल्ली में नकली SC प्रमाण पत्र का खेल, BJP ने केजरीवाल सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 दिसंबर, 2024): दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल सरकार पर दलित समुदाय के अधिकार छीनने और फर्जी SC प्रमाण पत्र बनवाने का गंभीर आरोप लगाया है। सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में नकली जाति प्रमाण पत्र बनाकर आरक्षित वर्ग के लोगों का हक छीना जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि द्वारका इलाके में एक मामले का खुलासा हुआ है, जहां सरकारी आधार कार्ड बनाने की मशीनें विधायकों नरेल बाल्यान, भावना गौड़ और जून के दफ्तरों में रखी गई थीं। इन मशीनों का इस्तेमाल फर्जी आधार कार्ड और SC प्रमाण पत्र बनाने के लिए किया गया।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में हजारों ऐसे फर्जी प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं, जिनका फायदा बाहरी और अवैध लोग उठा रहे हैं। उन्होंने शक जताया कि इनमें रोहिंग्या और बांग्लादेशी शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने कुछ उदाहरण भी पेश किए, जहां फर्जी प्रमाण पत्र के जरिए सरकारी सुविधाओं और नौकरियों का फायदा उठाया गया। उन्होंने बताया कि हरपाल नाम के व्यक्ति को अपने भाई सुरेश कुमार के फर्जी दस्तावेज का उपयोग कर SC प्रमाण पत्र जारी किया गया। असली सुरेश के आधार कार्ड से यह साबित हुआ कि पिता का नाम अलग है।

सचदेवा ने यह भी बताया कि सुरेंद्र प्रसाद नाम के एक व्यक्ति ने अपने भाई ललित कुमार का फर्जी दस्तावेज देकर प्रमाण पत्र बनवाया। जांच में पता चला कि ललित के पिता का नाम भी गलत दिखाया गया।

एक अन्य मामले में, दीपू नाम के व्यक्ति ने कोमल नाम की महिला का रिफरेंस दिया, जबकि असली कोमल ने दीपू को जानने से इनकार कर दिया।

वीरेंद्र सचदेवा ने मांग की कि इस पूरे मामले की सीबीआई जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने इसे गरीब दलित वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला बताया और आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार पैसे कमाने के लिए कोई भी साजिश करने से पीछे नहीं हट रही।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।