जनकपुरी में सड़क किनारे खड़ी बसों में अचानक लगी आग, बस पूरी तरह जलकर खाक

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 जून 2025): राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पंखा रोड पर खड़ी दो बसों में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 5:30 बजे लोगों ने सड़क किनारे धू-धू कर जलती बसों को देखा तो हड़कंप मच गया। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशों में जुट गईं। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि दूसरी बस और एक कार को भी नुकसान पहुंचा।

दिल्ली फायर सर्विसेज के अधिकारियों ने बताया कि तीनों वाहन दो बसें और एक कार सड़क किनारे एक-दूसरे के पास खड़े थे। तभी अचानक एक बस में आग लगी, जो कुछ ही मिनटों में भड़ककर बाकी वाहनों तक फैल गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने दूरी बनाकर तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग बुझाने में काफी मशक्कत की और कुछ ही समय में उसे नियंत्रित कर लिया। इस बीच दमकल विभाग ने घटना का एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें दिख रहा है कि कैसे दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं और जलती बसों से तेज धुआं उठ रहा है। वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान कर दिया है, और लोग प्रशासन से जांच की मांग कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी आग कैसे लगी।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर डिपार्टमेंट ने कहा है कि इस घटना की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मुआयना किया जाएगा। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या ईंधन लीकेज को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन जब तक रिपोर्ट नहीं आती, निश्चित तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता। जनकपुरी जैसी घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।