दिल्ली में द्वारका NH-8 टनल का ट्रायल शुरू, यात्रियों को जाम से मिलेगी राहत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (02 जून 2025): दिल्लीवासियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में द्वारका से नेशनल हाईवे-8 (शिवमूर्ति) को जोड़ने वाली नई टनल का ट्रायल आज से आम जनता के लिए शुरू कर दिया गया है। भाजपा विधायक कैलाश गहलोत ने इस टनल की शुरुआत की जानकारी देते हुए नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस टनल के शुरू होने से एयरपोर्ट, एनएच-8 और गुरुग्राम की ओर जाने वाले यात्रियों को यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी।कैलाश गहलोत ने बताया कि यह टनल धौला कुआं की तरफ से गुरुग्राम आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक वैकल्पिक मार्ग बनकर उभरेगी, जिससे ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही महिपालपुर और रंगपुरी जैसे जामग्रस्त क्षेत्रों में लगने वाले लंबे जाम से भी लोगों को मुक्ति मिलेगी। यह परियोजना राजधानी की कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ट्रैफिक का दबाव कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
गहलोत ने इस विकास कार्य को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बुनियादी ढांचे को नए आयाम दे रही हैं। कैलाश गहलोत ने कहा कि आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को और भी बड़ी परियोजनाओं का लाभ मिलने वाला है। टनल के ट्रायल की शुरुआत होते ही क्षेत्र के नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि इससे न केवल यात्रा का समय बचेगा, बल्कि दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था को भी काफी राहत मिलेगी। यह परियोजना दिल्ली को एक स्मार्ट और सुगम परिवहन व्यवस्था देने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।