दिल्ली में बच्चों को बाउंसरों से निकाला गया… आखिर किस कानून की आड़ में हो रही है फीस लूट?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 जून, 2025): दिल्ली में स्कूल फीस बढ़ोत्तरी के खिलाफ उठते जनाक्रोश के बीच आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अतिशी ने बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से राजधानी में बीजेपी की सरकार बनी है, स्कूलों ने मनमाने तरीके से फीस में 40% तक की बढ़ोतरी कर दी है।
अतिशी ने बताया कि भीषण गर्मी में 40 डिग्री तापमान के बीच अभिभावक सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। अदालत ने साफ निर्देश दिया है कि जब तक सरकार कोई ठोस प्रस्ताव पारित नहीं करती, तब तक फीस वृद्धि नहीं होनी चाहिए। बावजूद इसके, स्कूल प्रबंधन मनमानी कर रहे हैं और यहां तक कि कुछ स्कूलों में बाउंसरों से बच्चों को बाहर निकाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार बिना जनता से चर्चा किए चुपचाप एक कानून ले आई है, जो दिखावे के लिए बनाया गया है और असल में स्कूल प्रबंधको को संरक्षण देने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी इस कानून को विधानसभा में पारित नहीं होने देगी।
अतिशी ने जनता को आश्वासन देते हुए कहा, “हम जनता के लिए लड़ते रहेंगे। ये कानून चोर दरवाजे से लाया गया है। आम आदमी पार्टी ईमेल और जन संवाद के माध्यम से जनता की राय लेगी और विधायक दल हर इलाके में जाकर पेरेंट्स से मिलेंगे।”

बीजेपी पर हमला तेज करते हुए उन्होंने कहा, “भाजपा को झूठ बोलने के लिए 100 दिन भी नहीं लगे। चुनाव से पहले झुग्गियों में प्रवास और चुनाव के बाद उनका तोड़फोड़—ये बीजेपी की असली नीयत है। भाजपा गरीबों से नफरत करती है, लेकिन हम हर मोर्चे पर जनता के साथ खड़े हैं।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।