दिल्ली में कोरोना की रफ्तार फिर तेज़: 24 घंटे में 61 नए मामले, मास्क पहनने की सलाह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02 जून 2025): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। बीते 24 घंटों में शहर में कोविड-19 के 61 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 91 मरीजों ने संक्रमण से पूरी तरह ठीक होने की सूचना दी है। अब तक कुल 357 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, लेकिन चिंता की बात यह है कि 3 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि संक्रमण की गति हल्की है, लेकिन इसकी अनदेखी नहीं की जा सकती। लोगों को मास्क पहनने और भीड़ से बचने की सख्त सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी: सावधानी जरूरी, घबराने की नहीं

दिल्ली के प्रतिष्ठित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल के निदेशक डॉ. सुभाष गिरि ने बताया कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि गंभीर मामलों की संख्या कम है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वायरस की रफ्तार तेज है और इसके लक्षण आम फ्लू से मिलते-जुलते हैं। मरीजों में बुखार, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द और तेज़ जुकाम जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं। डॉ. गिरि ने कहा कि कोरोना संक्रमण भले ही गंभीर रूप नहीं ले रहा हो, लेकिन सतर्कता हर हाल में जरूरी है।

बुजुर्ग और बीमार लोगों पर खास ध्यान देने की जरूरत

डॉक्टरों का कहना है कि बुजुर्ग, छोटे बच्चे, और वे लोग जो पहले से ही हृदय, किडनी या फेफड़ों की बीमारी से ग्रसित हैं, उनके लिए यह वायरस खतरनाक साबित हो सकता है। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। डॉ. गिरि ने यह भी बताया कि ऐसे लोगों को भीड़ से बचना चाहिए और मास्क का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही हल्के लक्षण दिखने पर तुरंत टेस्ट करवाना और डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

अस्पतालों में सतर्कता बढ़ी, एलएनजेपी में आइसोलेशन वार्ड तैयार

दिल्ली के बड़े सरकारी अस्पतालों ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। एलएनजेपी अस्पताल ने कोविड मरीजों के लिए एक विशेष आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार पिछले 24 घंटे में एक महिला को कोविड पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालांकि, उनकी हालत गंभीर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।