नई दिल्ली (01 दिसंबर 2024): दिल्ली के उत्तम नगर से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक नरेश बाल्यान को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बीते शनिवार को एक एक्सटॉर्शन केस में हिरासत में लिया है। यह मामला एक साल पुराना है, जिसमें आरोप है कि नरेश बाल्यान ने कुछ लोगों से अवैध तरीके से धन की मांग की थी। क्राइम ब्रांच अब इस मामले में उनकी पूछताछ कर रही है।
नरेश बाल्यान की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। आम आदमी पार्टी ने इस गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। पार्टी ने कहा कि नरेश बाल्यान को हिरासत में लेने के पीछे भाजपा का साजिशपूर्ण उद्देश्य है, जो अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के खिलाफ एक बार फिर से जहर उगलने का है।
आम आदमी पार्टी ने अपने बयान में कहा, अमित शाह जी केवल अरविंद केजरीवाल और उनके सिपाहियों को निशाना बनाना चाहते हैं। जिस कथित रिकॉर्डिंग के आधार पर नरेश बाल्यान को हिरासत में लिया गया है, उसपर दिल्ली हाई कोर्ट का स्टे (रोक) है। इस बौखलाहट में बीजेपी ने एक बार फिर से संविधान और न्यायपालिका को ताक पर रख दिया है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली की जनता की सुरक्षा के खिलाफ काम कर रही है, जबकि अरविंद केजरीवाल सिर्फ दिल्लीवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहते हैं।
आम आदमी पार्टी ने इस मामले को भाजपा की हताशा और उसकी राजनीतिक चालों का हिस्सा बताया। पार्टी ने कहा कि यह गिरफ्तारी साबित करती है कि भाजपा गैंगस्टरों को पनाह देती है और निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसा देती है।
नरेश बाल्यान की गिरफ्तारी और इस पर उठ रहे राजनीतिक विवाद से दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिकोण में और अधिक हलचल पैदा हो सकती है। यह घटना दिल्ली की राजनीतिक तस्वीर को और भी जटिल बना सकती है, जहां भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच संघर्ष तेज होता जा रहा है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।