100 दिन में दिखा बदलाव: CM रेखा गुप्ता ने JLN स्टेडियम से गिनाई उपलब्धियां
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (31 मई 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने के मौके पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध अभिनेता अनुपम खेर ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया, जहां रेखा गुप्ता ने बेबाकी से हर सवाल का जवाब दिया और अपने इरादों को स्पष्ट किया।
मुख्यमंत्री ने मंच से बोलते हुए कहा, “मैं आज उस कुर्सी पर बैठी हूं, जिस पर पहले वो लोग बैठे थे जो सेना पर प्रश्न उठाते थे। लेकिन अब दिल्ली को एक नई दिशा मिल रही है।” उन्होंने दिल्ली की विविधता को भारत की एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह शहर एक ‘मिनी भारत’ है, जहां देश के हर कोने से आए लोग मिल-जुलकर रहते हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “रामलीला मैदान से शुरू हुआ आंदोलन सत्ता की भूख में बदल गया, और काम करने की बजाय वादों में जनता को उलझा दिया गया।” उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की राजनीति में सिर्फ घोषणाएं नहीं, जमीनी काम दिखेगा।
अपने 100 दिनों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने जनता के हित में कई ठोस और निर्णायक कदम उठाए हैं। यमुना नदी की सफाई के लिए केंद्र सरकार से मिले बजट का पहले उचित उपयोग नहीं हो पाया था, लेकिन अब उनकी सरकार ने 22 नालों की पहचान कर उनके बहाव को रोका है। इसके साथ ही STP (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) प्लांट्स को फिर से सक्रिय किया गया है और कई अनधिकृत कॉलोनियों में सीवेज सिस्टम की व्यवस्था शुरू की गई है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अब तक 20 लाख मीट्रिक टन कचरे को हटाया जा चुका है। पहले प्रतिदिन निकलने वाले 11 हजार मीट्रिक टन कचरे में से केवल 7 हजार मीट्रिक टन का ही प्रबंधन होता था, लेकिन अब बायोमाइनिंग की प्रक्रिया को तेज कर शेष कचरे के निष्पादन पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए भी बड़े कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी के प्रत्येक वार्ड में चार-चार वॉटर स्प्रिंकलर लगाए गए हैं, जिससे धूल नियंत्रण में मदद मिली है और प्रदूषण में कमी आई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में यह संदेश दिया कि अब दिल्ली सिर्फ वादों की नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और जिम्मेदारी की राजनीति का गवाह बनेगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने बार-बार तालियों से उनके वक्तव्य का स्वागत किया, जिससे स्पष्ट था कि जनता बदलाव महसूस कर रही है और एक नई उम्मीद की किरण देख रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।