शाही इमाम की मौत की अफवाह झूठी, जामा मस्जिद ने दी सफाई

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (31 मई 2025): दिल्ली की जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी को हाल ही में तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाहें फैलने लगीं। इन अफवाहों को जामा मस्जिद प्रशासन ने सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि सैयद अहमद बुखारी की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। प्रशासन की ओर से अंसारुल हक ने बयान जारी किया, जिसे बुखारी के बेटे शाबान बुखारी ने इंस्टाग्राम पर साझा कर जनता को सच्चाई से अवगत कराया।

शाबान बुखारी ने पोस्ट में लिखा, “अल्हम्दुलिल्लाह, सेहत ठीक है। जल्द डिस्चार्ज होंगे। दुआओं में याद रखें।” वहीं, सैयद अहमद बुखारी के पोते सैयद अरीब बुखारी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर लोगों से दुआ की अपील की और अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुखारी के इंतकाल की झूठी खबरें वायरल हो गई थीं, जिससे कई लोग भ्रमित हो गए थे।

जामा मस्जिद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बुखारी का इलाज नई दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में किया जा रहा है जहां ईएनटी विशेषज्ञों द्वारा उनकी सर्जरी की गई थी। डॉक्टर्स के मुताबिक उनकी स्थिति स्थिर है और संक्रमण पर नियंत्रण पा लिया गया है। यह भी बताया गया कि कुछ महीने पहले उनकी प्रोस्टेट ग्रंथि का ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद हाल में उन्हें संक्रमण हो गया था।

सैयद अहमद बुखारी जामा मस्जिद के 13वें शाही इमाम हैं और वे वर्षों से मुस्लिम समाज की प्रमुख आवाज रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर में उन्होंने अपने बेटे शाबान बुखारी को उत्तराधिकारी घोषित किया था। मौजूदा स्थिति को देखते हुए परिवार और प्रशासन दोनों ने अपील की है कि अफवाहों पर यकीन न किया जाए और शाही इमाम की अच्छी सेहत के लिए दुआ की जाए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।