“सिंदूर के नाम पर सियासत, सेना के नाम पर साजिश!”: कांग्रेस का मोदी सरकार पर जोरदार प्रहार
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (30 मई, 2025): कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मोदी सरकार अपनी राजनीतिक और कूटनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए ‘सिंदूर’ जैसे भावनात्मक प्रतीक का दुरुपयोग कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि “सिंदूर सुहाग, सम्मान और सौभाग्य का प्रतीक है, लेकिन मोदी सरकार इसे चुनावी हथियार बना रही है।”
उन्होंने कहा कि 9 जून को नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की तारीख के साथ ही सरकार द्वारा ‘घर-घर सिंदूर वितरण कार्यक्रम’ शुरू किया जा रहा है, जो महिला सम्मान की आड़ में राजनीतिक प्रचार है। उन्होंने पूछा कि यह सरकारी सिंदूर किस सौभाग्य का प्रतीक होगा, जब पहलगाम आतंकी हमले के दोषी आज तक मारे नहीं गए?
डॉ. नायक ने सरकार के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान को भी कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि रेलवे टिकट, होर्डिंग्स और पेट्रोल पंपों पर मोदी की तस्वीरें क्यों हैं? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर सेना के पराक्रम को दिखाना है, तो विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया कुरैशी या थलसेना प्रमुख की तस्वीरें क्यों नहीं?”
उन्होंने भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा शहीदों की पत्नियों व महिला सैन्य अधिकारियों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों की निंदा की और पूछा कि ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर क्यों नहीं निकाला गया?

कांग्रेस प्रवक्ता ने उधमपुर के भाजपा विधायक आर.एस. पठानिया द्वारा वायुसेना को “नालायक” कहने और मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के सेना को “मोदी के चरणों में नतमस्तक” बताने पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जब वोट चाहिए होते हैं तो भाजपा सेना की जय-जयकार करती है, और जब जरूरत नहीं होती तो उसका अपमान करती है।
डॉ. रागिनी नायक ने नोटबंदी, कोविड, किसान आंदोलन और महंगाई-बेरोजगारी के कारण विधवा हुई महिलाओं के दर्द का भी उल्लेख किया और पूछा कि क्या मोदी सरकार उन घरों तक भी सिंदूर लेकर जाएगी?
डॉ. रागिनी नायक ने देश की महिलाओं से अपील की “जब भाजपा कार्यकर्ता सिंदूर लेकर आपके घर आएं, तो पूछिए पहलगाम हमले के गुनहगार कौन हैं? पाकिस्तान को पहले से सूचना क्यों दी गई? और सिंदूर का सौदा आखिर किसके साथ किया गया?”।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।