दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 38 अधिकारियों का तबादला, कई जिलों के DCP बदले

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28 मई 2025): राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस महकमे में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। गृह विभाग द्वारा 28 मई 2025 को जारी आदेश के तहत 24 आईपीएस और 14 डैनिप्स (DANIPS) अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है। इस फेरबदल में न सिर्फ कई जिलों के डीसीपी बदले गए हैं, बल्कि कुछ अधिकारियों को पहली बार फील्ड पोस्टिंग भी दी गई है। इस फेरबदल में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित गोयल को डीसीपी रोहिणी से हटाकर दक्षिण-पश्चिम जिला भेजा गया है। वहीं हेमंत तिवारी को साइबर फॉरेंसिक लैब IFSO से हटाकर दक्षिण-पूर्व जिले की कमान सौंपी गई है। रवि कुमार सिंह को दक्षिण-पूर्व से डीसीपी ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) भेजा गया है। राजीव रंजन को डीसीपी वेलफेयर से डीसीपी रोहिणी बनाया गया है, जिससे साफ संकेत है कि क्राइम कंट्रोल और लोक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

नई ज़िम्मेदारी संभालेंगे युवा अफसर

पहली बार फील्ड पोस्टिंग पाने वाले अफसरों की सूची भी खासा ध्यान खींचती है। अनंत मित्तल को उत्तरी जिले में अतिरिक्त डीसीपी, रोहित राजबीर सिंह को द्वारका, संदीप गुप्ता को रोहिणी, अभिमन्यु पोस्वाल को दक्षिण-पश्चिम, नारा चैतन्य को आउटर और सुमित कुमार झा को दक्षिण जिला में अतिरिक्त डीसीपी के रूप में तैनात किया गया है। युवा और उत्साही अफसरों को सीधे फील्ड में भेजना पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा का संकेत माना जा रहा है। DANIPS कैडर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। विनीत कुमार को पीएंडएल से हटाकर IFSO भेजा गया है। अंजिथा चेप्याला को नॉर्थ से एसपीयूडब्ल्यूएसी (Special Police Unit for Women and Children), शैलजा सुकांत को सिक्योरिटी से वेस्ट और लक्ष्मी कानवत को वेस्ट से सिक्योरिटी ब्रांच में ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा सुभोद कुमार गोस्वामी, दीपक यादव, निशांत गुप्ता, आलाप पटेल, मयंक बंसल, गौरव गुप्ता और मानवसी जैन को भी नई नियुक्तियां मिली हैं।

महिला अधिकारियों को भी सशक्त जिम्मेदारियां

इस ट्रांसफर लिस्ट में महिला अधिकारियों को भी कई महत्वपूर्ण पद दिए गए हैं। सुमा मड्डा को नॉर्थ जिले का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि मानवसी जैन को सिक्योरिटी ब्रांच में लाया गया है। महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह कदम स्वागत योग्य माना जा रहा है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यह फेरबदल संगठनात्मक पुनर्गठन और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि इससे क्राइम कंट्रोल, ट्रैफिक व्यवस्था, साइबर अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को एक नई दिशा मिलेगी। इन तबादलों का तत्काल प्रभाव से अनुपालन किया जाएगा।

जनहित में उठाया गया कदम

गृह विभाग के अनुसार यह ट्रांसफर प्रक्रिया नियमित समीक्षा और प्रदर्शन मूल्यांकन के आधार पर की गई है। दिल्ली की विशाल और विविधतापूर्ण आबादी को देखते हुए पुलिस को हर स्थिति के लिए तैयार रखना अनिवार्य है, और यह फेरबदल उसी दिशा में एक ठोस प्रयास है। इन नई नियुक्तियों के बाद उम्मीद की जा रही है कि दिल्ली की पुलिस व्यवस्था पहले से ज्यादा जवाबदेह, सतर्क और सक्रिय रूप में सामने आएगी। साथ ही जनता को बेहतर पुलिस सेवा और सुरक्षा का अनुभव मिलेगा। इस फेरबदल से न केवल दिल्ली पुलिस की कार्यशैली में नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं, बल्कि यह आने वाले समय में राजधानी की सुरक्षा रणनीतियों को भी प्रभावित करेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।