SC के आदेश पर हुई पुनर्गणना: चौथी बार SCBA केअध्यक्ष निर्वाचित हुए एडवोकेट विकास कुमार सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27 मई 2025): सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) के चुनाव में सीनियर एडवोकेट विकास सिंह ने एक बार फिर बाज़ी मार ली है। यह चौथी बार है जब उन्हें एससीबीए का अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने इस बार प्रदीप राय और आदिश अग्रवाला जैसे अनुभवी अधिवक्ताओं को हराया। खास बात यह रही कि इस बार चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं की शिकायत के बाद खुद सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा, और कोर्ट के आदेश पर वोटो की पुनर्गणना के बाद ही अंतिम परिणाम घोषित हुए। इस बार SCBA के उपाध्यक्ष चुने गए हैं राहुल कौशिक, जबकि प्रज्ञा बघेल मानद सचिव बनी हैं और विक्रांत यादव कोषाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। हालांकि चुनाव के नतीजे इतने सरल नहीं रहे। चुनावों में पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के चलते मामला सुप्रीम कोर्ट की अवकाशकालीन पीठ के समक्ष पहुंचा। न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति दीपंकर दत्ता की पीठ ने वोटों की पुनर्गणना का आदेश दिया ताकि चुनाव की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बरकरार रह सके।

चुनाव समिति की सदस्य सीनियर एडवोकेट विजय हंसारिया ने कोर्ट को बताया कि शिकायतें सामने आने के बाद समिति ने स्वेच्छा से पुनर्गणना का निर्णय लिया था। आदिश अग्रवाला, जो अध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे, ने आरोप लगाया था कि वोटों की घोषित संख्या 2751 थी, जबकि मतदाता सूची में कुल 2588 नाम ही दर्ज थे। इस विसंगति ने चुनाव प्रक्रिया की वैधता पर प्रश्न खड़े कर दिए थे।पुनर्गणना में सबसे पहले अध्यक्ष पद के वोटों की गिनती की गई, जिसके बाद कार्यकारिणी सदस्यों के वोटों की गणना शुरू की गई। अदालत ने इस प्रक्रिया को आवश्यक बताया ताकि बार एसोसिएशन जैसी संवैधानिक संस्था की गरिमा बनी रहे। पुनर्गणना के बाद नतीजे यथावत रहे और विकास सिंह एक बार फिर अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।

कौन हैं एडवोकेट विकास सिंह?

विकास सिंह सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने सीनियर एडवोकेट हैं। पिछले 32 वर्षों से वे वकालत कर रहे हैं। वर्ष 2004 में उन्हें सीनियर एडवोकेट का दर्जा मिला, और इसके बाद वे 2005 से 2008 तक भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) भी रहे। उन्होंने विधायी ड्राफ्टिंग, आतंकवाद विरोधी कानून, और लीगल एजुकेशन जैसे विषयों पर संसद में व्याख्यान दिए हैं। उनके सुझावों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी सराहा है। विकास सिंह को स्पष्ट रुख अपनाने वाला, निष्पक्ष और न्यायिक कार्यप्रणाली पर खुलकर बोलने वाला वकील माना जाता है। वे अक्सर राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर टीवी डिबेट, जन मंचों और कानून संबंधित चर्चाओं में शामिल होते हैं। SCBA अध्यक्ष के रूप में वे पहले भी 2021-22, 2017-18 और 2022-23 में कार्य कर चुके हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।