रानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दी जयंती पर दादरी में भव्य समारोह
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (26 मई 2025): रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर भाजपा गौतमबुद्ध नगर द्वारा सोमवार, 26 मई को दादरी विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 1500 लोगों ने भाग लिया, जिसमें नारीशक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी रही। समारोह का उद्देश्य रानी अहिल्याबाई के प्रेरणादायक जीवन, उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत को जनमानस के समक्ष प्रस्तुत करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कान्ता कर्दम थीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में दादरी विधायक मास्टर तेजपाल नागर तथा दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की और मंच संचालन जिला महामंत्री धर्मेन्द्र कोरी ने किया।
अपने उद्बोधन में पूर्व सांसद कान्ता कर्दम ने रानी अहिल्याबाई के संघर्षमयी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे मराठा होल्कर वंश की महान शासिका थीं, जिनका जन्म 31 मई 1725 को महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले के चोड़ी गांव में हुआ था। उस समय समाज में कन्याओं को शिक्षा का अधिकार नहीं था, लेकिन उनके पिता मंकोजी राव शिंदे ने सामाजिक बंधनों को तोड़ते हुए उन्हें शिक्षित किया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई शिव भक्ति में लीन, न्यायप्रिय, दृढ़ संकल्प वाली, समाज सेवा को समर्पित एक महान महिला थीं जिन्हें शिवकामिनी महादेवी के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संसद में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल की प्रशंसा करते हुए इसे रानी अहिल्याबाई की विरासत को सम्मानित करने वाला कदम बताया।

विधायक तेजपाल नागर ने अपने वक्तव्य में कहा कि रानी अहिल्याबाई ने 1767 से 1795 तक अपने शासनकाल में अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्य किए। उन्होंने सड़कों, कुओं, विश्रामगृहों का निर्माण कराया और देशभर में मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया, जिसमें केदारनाथ से लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर तक शामिल हैं। वे केवल एक शासिका नहीं, बल्कि जनकल्याण की प्रतीक थीं, जिन्होंने लोकमंगल को अपने शासन का मूल मंत्र बनाया। उन्होंने कहा कि आज की भाजपा सरकारें भी उन्हीं मूल्यों से प्रेरणा लेकर जनहितकारी योजनाएं चला रही हैं।
जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने रानी अहिल्याबाई द्वारा काशी में राम, सीता, लक्ष्मण, शत्रुघ्न और हनुमान की प्रतिमाओं की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय आध्यात्मिक चेतना को पुनर्जीवित किया। उन्होंने रानी साहिबा के द्वारा मराठा भूमि पर किए गए कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए उन्हें भारत की सांस्कृतिक धरोहर का सजीव प्रतीक कहा।
कार्यक्रम में उपस्थित नारीशक्ति ने रानी अहिल्याबाई के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। गोष्ठी में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि रानी अहिल्याबाई का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री दीपक भारद्वाज, धर्मेन्द्र कोरी, रजनी तोमर, सांसद प्रतिनिधि बलराज भाटी, कर्मवीर आर्य, नगराध्यक्ष राजीव सिंघल, रुस्तम बघेल, अश्वनी गोयल, वीरेन्द्र भाटी, विमल पुंडीर, राज नागर, विजय रावल, डॉ. आरती पाल, सुभाष बजरंगी, हरिओम शर्मा, पंकज तरुण, संगीता रावल, अर्पणा सिंह, ओमकार भाटी, अर्पित तिवारी, मनोज भाटी, केशव गोयल, राजपाल वाल्मीकि, राजकुमारी शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।