फिर मंडराया कोरोना का साया: दिल्ली में 104 नए मामले, कई राज्यों में बढ़ी चिंता
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (26 मई 2025): दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर तेजी से उछाल देखा गया है। बीते एक सप्ताह में राजधानी में 99 नए मामले सामने आए हैं, जिससे एक्टिव मरीजों की संख्या 104 तक पहुंच गई है, जबकि 19 मई तक यह आंकड़ा सिर्फ 24 था। इस बढ़ोतरी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एडवाइजरी जारी कर अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों और वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पूरे देश में सोमवार सुबह तक कोरोना के 1009 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। सबसे अधिक मामले केरल (430) और महाराष्ट्र (209) में हैं, जबकि दिल्ली तीसरे स्थान पर पहुंच चुकी है। गुजरात (83), तमिलनाडु (69) और कर्नाटक (47) में भी मामूली वृद्धि हुई है। सभी पॉजिटिव केसों की जीनोम सीक्वेंसिंग के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि किसी नए वैरिएंट की पहचान की जा सके। इस बीच झारखंड में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। राजधानी रांची में मुंबई से लौटे एक व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने के बाद मौजूदा लहर का पहला मामला दर्ज किया गया है। रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने पुष्टि की है कि मरीज की हालत स्थिर है और उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और ट्रैकिंग व टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।