हीट वेव को लेकर योगी सरकार सतर्क, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की बचाव गाइडलाइन

टेन न्यूज़ नेटवर्क 

लखनऊ (19 मई 2025): उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू के कहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को हीट स्ट्रोक से बचाव को लेकर समय रहते सतर्क करने व व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता को जागरूक करने के लिए गाइडलाइन जारी की है, जिसमें तेज गर्मी से बचाव के उपाय, लक्षण और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई है।
दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप से बचने की सलाह
प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बताया कि आमजन को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। साथ ही शरीर को ढककर रखने, हल्के रंग के ढीले व आरामदायक कपड़े पहनने, छाता व चश्मा इस्तेमाल करने, और लगातार तरल पदार्थों जैसे नींबू पानी, शिकंजी, नारियल पानी आदि के सेवन पर जोर दिया गया है।
बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का रखें विशेष ध्यान
गाइडलाइन में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। खाली पेट बाहर न निकलने, बासी या अत्यधिक प्रोटीनयुक्त भोजन से बचने और धूप में खड़ी गाड़ियों में बच्चों या जानवरों को अकेला न छोड़ने की चेतावनी दी गई है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण – तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
स्वास्थ्य विभाग द्वारा हीट वेव के लक्षणों को भी साझा किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
•शरीर का तापमान 40°C से अधिक
•लाल और सूखी त्वचा
•चक्कर आना
•मांसपेशियों में कमजोरी
•सांस फूलना
•सिरदर्द, मतली या उल्टी
ऐसे लक्षण दिखने पर व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर ठंडा पानी पिलाने, संभव हो तो नहलाने, और चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है। आवश्यकता होने पर एम्बुलेंस सेवा 108 पर कॉल करने की अपील भी की गई है।
श्रमिकों के लिए मित्र प्रणाली लागू, छायादार स्थान की व्यवस्था
सीएम योगी के निर्देश पर निर्माण स्थलों और भारी श्रम वाले क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा के लिए “मित्र प्रणाली” लागू की गई है, जिसके तहत श्रमिक साथी एक-दूसरे की सेहत की निगरानी करेंगे। भारी कार्यों को सुबह या शाम के समय में कराने, छायादार व ठंडी जगहों की व्यवस्था करने और पर्याप्त आराम देने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों के लिए विशेष एहतियात
गाइडलाइन में बच्चों को दोपहर में धूप में खेलने से रोकने, हल्के और ढीले कपड़े पहनाने और उन्हें पर्याप्त पानी पिलाने की सलाह दी गई है। साथ ही किसी भी स्थिति में बच्चों को बंद गाड़ी में अकेला न छोड़ने की चेतावनी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे हीट वेव के दौरान सतर्क रहें, लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
गर्मी से बचाव के ये उपाय और सतर्कता हीट वेव से सुरक्षित रहने की कुंजी हैं।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।