कर्नल सोफिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मंत्री को बर्खास्त करे मोदी सरकार: संजय सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14 मई, 2025): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी पर करारा हमला बोला है। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर उन्होंने मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफ़िया कुरैशी पर की गई अभद्र टिप्पणी को शर्मनाक करार देते हुए, उनकी तत्काल बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की।

संजय सिंह ने कहा, “विजय शाह ने उस बहादुर बेटी पर अभद्र टिप्पणी की है, जिस पर पूरा देश गर्व करता है। ऑपरेशन सिंदूर में कर्नल सोफ़िया ने जो शौर्य दिखाया, उससे पाकिस्तानी सेना तक कांप उठी। और आज उन्हीं पर इस तरह की गंदी और घटिया बात करना बीजेपी की मानसिकता को उजागर करता है।”

उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता और मंत्री महिलाओं के सम्मान के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुके हैं। “ये वही मंत्री हैं जिन्होंने पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी, हिमांशी नर्वाल, विक्रम मिश्री की बेटी और शहीदों की पत्नियों के खिलाफ भी शर्मनाक बयान दिए हैं,” संजय सिंह ने आरोप लगाया।

संजय सिंह ने कहा कि मंत्री विजय शाह को लेकर बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की मंशा भी साफ हो गई है। “आलाकमान की फटकार के बाद विजय शाह माफी मांगने हवाई चप्पल में पार्टी कार्यालय पहुंचे, लेकिन सवाल यह है कि ऐसे लोग बीजेपी में क्यों हैं?”

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मांग की कि वे सामने आकर पूरे देश से माफी मांगे और इस गंभीर मामले पर चुप्पी तोड़ें। “मोदी जी, ये सीज़फायर का निर्णय आपका था, और ऐसे नेताओं को संरक्षण देना आपकी ज़िम्मेदारी भी है। अब आप छिप नहीं सकते, चुप नहीं रह सकते,” संजय सिंह ने कहा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।