दिल्ली NCR में बदला मौसम का मिजाज, 16 मई को मौसम में बड़ा उलटफेर संभव

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13 मई 2025): दिल्ली-NCR में मंगलवार की दोपहर अचानक तेज हवाओं और बौछारों ने गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी। तेज हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही, जिससे पारा थोड़ा नीचे आया और उमस कम हुई। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 15 घंटे तक हल्के बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलती रहेंगी। अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से अस्थाई राहत जरूर दी है। लेकिन विभाग ने चेताया कि तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। फिलहाल राजधानी में गर्मी और उमस का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के इलाकों में 14 और 15 मई को भी तेज हवाओं और बादलों की मौजूदगी बनी रहेगी। इन दोनों दिन अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच रह सकती है, जो कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों का असर है।

सबसे बड़ा उलटफेर 16 मई को हो सकता है, जब तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक इस दिन हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो आंधी के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है लेकिन रात का तापमान स्थिर रहेगा। 16 मई को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में 17 मई को भी मौसम आंशिक रूप से बदला रहेगा। इस दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इस दिन भी हल्की हवाएं चलने की संभावना है जो गर्मी के असर को थोड़ा कम कर सकती हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।