रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी | Operation Sindoor

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 मई 2025): ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह उनका पहला संबोधन होगा जब से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंचा था। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के खिलाफ चली सैन्य कार्रवाई के बाद पूरे देश की निगाहें पीएम मोदी के इस संबोधन पर टिकी हैं। प्रधानमंत्री बीते कई दिनों से लगातार बैठकें कर रहे हैं और सेना प्रमुखों, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) तथा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के साथ हालात की समीक्षा में जुटे रहे हैं।

भारत की जवाबी कार्रवाई के रूप में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में सैन्य हलचल तेज हो गई थी। लगातार गोलाबारी और जवाबी फायरिंग के बीच स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई थी। हालांकि शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा हुई, जिससे सीमा पर तनाव में फिलहाल कुछ राहत मिली है। इस बीच प्रधानमंत्री मोदी के आज के संबोधन से यह उम्मीद की जा रही है कि वे राष्ट्र को स्थिति की संपूर्ण जानकारी देंगे और आगे की रणनीति पर भी कुछ संकेत देंगे।

हालांकि वर्तमान में सीमाओं पर शांति है, लेकिन यह संघर्ष विराम कितना स्थायी रहेगा, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सकता। पाकिस्तान की ओर से भविष्य में कोई भी उकसावे वाली कार्रवाई संघर्ष विराम को तोड़ सकती है। फिलहाल सैन्य सूत्रों का कहना है कि आगे की दिशा पाकिस्तान की सेना की गतिविधियों और भारत-पाक DGMO (डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स) के बीच होने वाली बातचीत पर निर्भर करेगी। पीएम मोदी का राष्ट्र को संबोधन ऐसे समय पर आ रहा है जब देश एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है।

रात 8 बजे करेंगे देश को संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी जब भी रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करते हैं, तब देशवासियों के बीच एक अलग ही सुगबुगाहट देखने को मिलती है। वर्ष 2016 से लेकर अब तक प्रधानमंत्री मोदी ने जो भी बड़े फैसले लिए हैं, उनकी जानकारी अधिकतर रात 8 बजे ही देशवासियों को दी गई है। चाहे नोटबंदी की घोषणा करनी हो या लॉकडाउन का ऐलान, सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं प्रधानमंत्री ने रात 8 बजे ही दी हैं।

इन फैसलों की जानकारी रात 8 बजे दी गई

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2016 में नोटबंदी की जानकारी रात 8 बजे दी थी। इसके बाद वर्ष 2019 में मिशन शक्ति की जानकारी भी रात 8 बजे ही दी गई। उसी वर्ष अगस्त में प्रधानमंत्री मोदी ने फिर रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने की जानकारी दी।

वर्ष 2020 में, 19 मार्च को कोरोना वायरस को लेकर देश को संबोधित किया गया और जनता कर्फ्यू की घोषणा की गई। इसके बाद 24 मार्च को प्रधानमंत्री ने एक बार फिर रात 8 बजे संबोधित करते हुए 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की। फिर 14 अप्रैल को एक बार और प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित किया और लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया। अब एकबार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।