सौरभ भारद्वाज पर भ्रष्टाचार का कसेगा शिकंजा , दिल्ली ACB ने FIR दर्ज करने की मांगी इजाजत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10 मई 2025): दिल्ली सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने भारद्वाज के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत FIR दर्ज करने की अनुमति के लिए सक्षम प्राधिकारी को पत्र भेजा है। यह मामला उस शिकायत पर आधारित है, जिसमें विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने भारद्वाज और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन पर स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे।

ACB सूत्रों के मुताबिक, इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक जांच की गई और अब भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17A के तहत जांच प्रारंभ करने के लिए आधिकारिक स्वीकृति मांगी गई है। यदि स्वीकृति मिलती है तो सौरभ भारद्वाज के खिलाफ औपचारिक आपराधिक मामला दर्ज हो सकता है। यह घटनाक्रम AAP के लिए ऐसे समय पर चिंता का कारण बना है जब पहले ही पार्टी के दो बड़े नेता मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन भ्रष्टाचार के मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

एसीबी ने हाल ही में दिल्ली सरकार के स्कूलों में 12,748 क्लासरूम निर्माण में लगभग 2,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर सिसोदिया और जैन पर केस दर्ज किया था। आरोपों के अनुसार, प्रत्येक क्लासरूम का निर्माण सामान्य लागत से पांच गुना ज्यादा दर पर किया गया और ठेके कथित तौर पर पार्टी से जुड़े लोगों को सौंपे गए थे। अब भारद्वाज पर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित ऐसे ही कथित भ्रष्टाचार में संलिप्तता का आरोप है।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद AAP ने अपनी संगठनात्मक रणनीति बदली थी और फरवरी में सौरभ भारद्वाज को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। तेज-तर्रार और आक्रामक राजनीतिक शैली के लिए पहचाने जाने वाले भारद्वाज के सामने अब खुद को कानूनी तौर पर निर्दोष साबित करने की चुनौती खड़ी हो गई है। ACB की आगामी कार्रवाई आम आदमी पार्टी की छवि और राजधानी की राजनीति पर गहरा असर डाल सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।