नई दिल्ली (08 मई 2025): भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय सेना ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के एयर डिफेंस रडार सिस्टम को तबाह कर दिया। यह जवाबी हमला पाकिस्तान की उस कोशिश के बाद किया गया, जिसमें उसने भारत के 15 शहरों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की थी। श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़ और भुज जैसे सैन्य ठिकानों पर हमला किया गया, जिसे भारत की एयर डिफेंस प्रणाली ने समय रहते नाकाम कर दिया। गुरुवार सुबह भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी कार्रवाई कर पाकिस्तान की सैन्य क्षमताओं को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
पाकिस्तान के ड्रोन हमले विफल, भारतीय वायुसेना ने मलबा किया जब्त
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि पाकिस्तान ने 7 और 8 मई की दरम्यानी रात को उत्तरी और पश्चिमी भारत के ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। लेकिन भारत की काउंटर-यूएएस और एडवांस्ड एयर डिफेंस सिस्टम ने हमलों को समय रहते रोक दिया। इन हमलों में इस्तेमाल किए गए ड्रोन और मिसाइलों का मलबा भी बरामद कर लिया गया है। भारत ने स्पष्ट किया है कि उसकी कार्रवाई संतुलित थी और टकराव बढ़ाने की मंशा से नहीं की गई। लेकिन अगर दुश्मन देश की तरफ से फिर कोई हरकत की जाती है, तो उसका सख्ती से जवाब दिया जाएगा।
कश्मीर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन
इसी बीच नियंत्रण रेखा पर भी पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों जैसे कुपवाड़ा, पुंछ, और राजौरी में मोर्टार से हमला किया, जिसमें 16 निर्दोष नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। भारतीय सेना ने इन हमलों का भी करारा जवाब दिया, जिसके बाद पाकिस्तान को गोलाबारी रोकनी पड़ी। खुफिया सूत्रों के अनुसार भारत की जवाबी कार्रवाई में लाहौर स्थित पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह निष्क्रिय हो गया है। भारत ने स्पष्ट किया है कि वह किसी भी कीमत पर अपने नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।