हॉर्न बजाने से मना किया तो सिक्योरिटी गार्ड को रौंदा, वसंत कुंज में वाहन चालक की गुंडागर्दी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (05 मई 2025): दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां सिर्फ हॉर्न बजाने से मना करने पर एक व्यक्ति पर थार जीप चढ़ा दी गई। यह घटना रविवार सुबह उस समय घटी जब एयरपोर्ट पर गार्ड की नौकरी करने वाले राजीव कुमार अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे थे। आरोपी विजय उर्फ लाला ने पहले बहस की और फिर जानबूझकर उन्हें अपनी थार जीप से कुचल दिया। हमले में राजीव के दोनों पैरों की हड्डियाँ 10 से अधिक जगहों से टूट गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने 6 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
राजीव कुमार, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और इस समय अपने परिवार के साथ महिपालपुर में रहते हैं, एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर बतौर सिक्योरिटी गार्ड कार्यरत हैं। शनिवार रात की ड्यूटी खत्म कर जब वह सुबह कैब से उतरकर महिपालपुर चौक से घर की ओर पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे थार ड्राइवर ने लगातार हॉर्न बजाना शुरू कर दिया। राजीव ने उसे धैर्य रखने और हॉर्न न बजाने की सलाह दी। इस मामूली सी बात पर आरोपी आगबबूला हो गया और बहस के बाद उसने अपनी गाड़ी जानबूझकर राजीव पर चढ़ा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस, इंस्पेक्टर अरविंद प्रताप सिंह की अगुवाई में मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल राजीव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हैं और लंबा इलाज चल सकता है। मामले में पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी विजय उर्फ लाला के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।
थाना पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते आरोपी को रंगपुरी इलाके से 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। इस घटना ने इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि ऐसे हिंसक व्यवहार को सामाजिक रूप से हतोत्साहित किया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।