दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह को लिखा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 दिसंबर, 2024): दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह को एक पत्र लिखकर दिल्ली में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने दिल्ली में बढ़ते अपराधों और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गृह मंत्री से मिलने का समय मांगा है।

अरविंद केजरीवाल ने अपने पत्र में बताया कि दिल्ली में अपराध की स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है और इसे अब देश-विदेश में अपराध की राजधानी के रूप में पहचाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दिल्ली देश के 19 मेट्रो शहरों में पहले नंबर पर है। इसके अलावा हत्या के मामलों में भी दिल्ली पहले स्थान पर है। केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते अपराधों के कारणों को भी रेखांकित किया और कहा कि दिल्ली में जबरन वसूली के गैंग सक्रिय हो गए हैं। एयरपोर्ट और स्कूलों को धमकी मिल रही है, साथ ही ड्रग्स से जुड़े अपराधों में 350% की बढ़ोतरी देखी जा रही है।

केजरीवाल ने पत्र में यह भी कहा कि दिल्ली में महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं, और दिल्ली की सड़कों पर हिंसा, लूटपाट और हत्या के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया और कहा कि वह इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए अमित शाह से समय चाहते हैं।

इस पत्र के जरिए केजरीवाल ने यह भी बताया कि दिल्ली में कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह से केंद्र सरकार के हाथों में है, क्योंकि दिल्ली एक केंद्र शासित प्रदेश है। उन्होंने दिल्ली की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार से और अधिक सख्त कदम उठाने की आवश्यकता की बात की है।

अरविंद केजरीवाल के इस पत्र ने दिल्ली की बढ़ती असुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।।

 


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।